Bihar News: चर्चित शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पटना में कोचिंग सेंटर विवाद और फायरिंग मामले में दर्ज एफआईआर के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। इस बीच खान सर की ओर से दाखिल अग्रिम जमानत याचिका पर सोमवार को पटना सिविल कोर्ट में सुनवाई हुई, लेकिन अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया।
अग्रिम जमानत पर सुनवाई पूरी
खान सर की ओर से अधिवक्ता अरविंद कुमार महुआर ने पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। दोपहर करीब 12:30 बजे हुई सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की दलीलें सुनी गईं। हालांकि अदालत ने तत्काल कोई आदेश नहीं दिया और फैसला सुरक्षित रख लिया। मामले में अदालत आज या मंगलवार को अपना निर्णय सुना सकती है।
Bihar News: वकील ने रखा पक्ष
खान सर के वकील अरविंद कुमार महुआर ने बताया कि ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर और अन्य लोगों के खिलाफ खान सर के स्टाफ की ओर से भी मामला दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण में विस्तृत सुनवाई मंगलवार को होने की संभावना है और अदालत के फैसले का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस कर रही है तलाश
कोचिंग सेंटर पर हुए हमले के बाद खान सर ने फायरिंग का दावा किया था। हालांकि पुलिस जांच और बरामद हथियारों के आधार पर पुलिस ने खान सर सहित दो अन्य लोगों के खिलाफ उकसाने और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इसी मामले में पुलिस उनकी तलाश कर रही है और गिरफ्तारी की संभावना बनी हुई है।
Bihar News: एक कोचिंग संचालक की गिरफ्तारी
इस मामले में पुलिस ने अन्य कोचिंग संचालक रौशन कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
कोचिंग और अस्पताल पर भी मंडरा रहा खतरा
विवाद के बीच खान सर के कोचिंग संस्थान और अस्पताल को लेकर भी प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। सुरक्षा मानकों में कथित कमियों को लेकर नोटिस जारी किए गए हैं। यदि निर्धारित समय के भीतर सभी मानकों का पालन नहीं किया गया, तो संबंधित संस्थानों पर कार्रवाई की जा सकती है।
Bihar News: फैसले पर टिकी निगाहें
अब इस पूरे मामले में सबकी नजर अदालत के फैसले पर टिकी हुई है। अग्रिम जमानत पर निर्णय आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि खान सर को तत्काल राहत मिलती है या पुलिस की कार्रवाई आगे बढ़ेगी।
ये भी पढ़े… थलापति विजय की पार्टी ने INDIA Bloc बैठक से बनाई दूरी, वजह जानकर चौंक जाएंगे








