Bihar news: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में आम्रपाली ज्वेलर्स में हुई चर्चित लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर स्थित ज्वेलरी दुकान में हुई लूट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 33 लाख रुपये मूल्य के लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, एक पिस्टल और दो कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
12 जून को हथियार के बल पर हुई थी लूट
जानकारी के अनुसार, 12 जून को चार बदमाशों ने हथियार के बल पर दामोदरपुर स्थित आम्रपाली ज्वेलर्स में धावा बोल दिया था। अपराधियों ने दुकान से करीब 300 ग्राम सोना, 10 किलो चांदी और नकदी लूट ली थी। घटना के दौरान बदमाशों ने फायरिंग भी की और मौके से फरार हो गए थे। हालांकि, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से ही एक आरोपी अशोक सहनी को पकड़ लिया था। इसके बाद पूरे मामले की जांच तेज कर दी गई।
Bihar news: एसआईटी के गठन के बाद मिली बड़ी सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानव खुफिया जानकारी के आधार पर लगातार छापेमारी की। जांच के दौरान पुलिस ने अशोक सहनी के अलावा अमीर सहनी, सिंधु देवी और अभिषेक साहनी को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने लूटकांड में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ आपस में रिश्तेदार भी हैं और मुख्य आरोपी का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
Bihar news: खेत में छिपाकर रखे गए थे गहने
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि लूट के बाद आरोपियों ने सोने-चांदी के गहने, आधार कार्ड और दुकान का पर्स खेत में छिपाकर रखा था। पुलिस ने छापेमारी कर 195.97 ग्राम सोना और 1431.51 ग्राम चांदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, बरामद सोने की कीमत करीब 29.5 लाख रुपये और चांदी की कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये है। कुल मिलाकर करीब 33 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए गए हैं।
हथियार भी बरामद
Bihar news: पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है।
ये भी पढ़े: एआई खा रहा है लोगों की सोचने समझने की क्षमता, जी हुजूरी का परिणाम हानिकारक








