Home » राष्ट्रीय » पटना छात्रा मौत मामला: राजद ने CBI जांच की मांग, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

पटना छात्रा मौत मामला: राजद ने CBI जांच की मांग, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

Bihar News:

Bihar News: पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाते हुए मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है। शनिवार को राजद नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात की।

निष्पक्ष जांच पर उठाए सवाल

पूर्व विधायक संजीव कुमार के नेतृत्व में राजद के प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी कार्तिकेय शर्मा से मिलकर घटना पर आक्रोश व्यक्त किया। संजीव कुमार ने कहा कि स्थानीय पुलिस पर उन्हें कोई भरोसा नहीं है। अगर पुलिस गंभीर होती, तो पहले दिन से ही ठोस कार्रवाई होती। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच को जानबूझकर भटकाया जा रहा है और सीबीआई जांच के बिना पीड़ित को न्याय नहीं मिलेगा।

Bihar News: पुलिस की भूमिका पर संदेह

राजद नेताओं ने पुलिस द्वारा प्रारंभिक तौर पर छात्रा की मौत को फूड पॉइजनिंग बताने पर भी सवाल उठाए। संजीव कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पहले ही पुलिस इस निष्कर्ष पर कैसे पहुंच गई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह प्रभावशाली लोगों को बचाने की साजिश हो सकती है। राजद का कहना है कि यह सिर्फ एक छात्रा की मौत का मामला नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के सम्मान और न्याय से जुड़ा विषय है।

गर्ल्स हॉस्टल की निगरानी और आंदोलन की चेतावनी

राजद ने पटना सहित पूरे राज्य के प्राइवेट गर्ल्स हॉस्टल की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। पार्टी ने मांग की कि सभी हॉस्टल का जिला प्रशासन में अनिवार्य पंजीकरण हो और सीसीटीवी निगरानी सीधे पुलिस मुख्यालय से की जाए। संजीव कुमार ने बताया कि यह मुद्दा डीजीपी के सामने भी उठाया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई और मामला सीबीआई को नहीं सौंपा गया, तो नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments