Bihar news: मुजफ्फरपुर में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां बकरी चोरी के शक में एक युवक को भीड़ ने कानून अपने हाथ में लेकर तालिबानी अंदाज में सजा दे दी। युवक को लोहे के खंभे से बांधकर घंटों तक बेरहमी से पीटा गया। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और कुछ ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
भीड़ ने बनाया ‘जज और जल्लाद’
अहियापुर थाना क्षेत्र के पुरानी मोतिहारी रोड स्थित पटेल स्वीट्स के पास यह पूरी घटना हुई। बताया जा रहा है कि इलाके में लगातार बकरी चोरी की घटनाओं से लोग पहले से ही गुस्से में थे। जैसे ही युवक को चोरी के शक में पकड़ा गया, भीड़ ने अपना आपा खो दिया। उसे लोहे के पोल से बांध दिया गया और लात-घूंसे व डंडों से जमकर पिटाई की गई।
Bihar news: नशे की लत ने धकेला अपराध की ओर
पुलिस जांच में सामने आया कि पकड़ा गया युवक ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी चौक का रहने वाला है और एक रिटायर्ड जिला कृषि पदाधिकारी का बेटा है। पुलिस के मुताबिक, युवक स्मैक का आदी है और अपनी नशे की जरूरत पूरी करने के लिए छोटी-मोटी चोरियां करता था। उसके कुछ साथी मौके से फरार हो गए।
Bihar news: पुलिस पहुंची तो भड़की भीड़
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने में देरी हुई। इससे भीड़ और भड़क गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और इलाज के लिए SKMCH अस्पताल में भर्ती कराया।
वीडियो वायरल, इलाके में तनाव
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक मदद के लिए चिल्ला रहा है, लेकिन लोग उसे बचाने के बजाय वीडियो बना रहे हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस की चेतावनी
Bihar news: अहियापुर थानाध्यक्ष रोहन कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने साफ कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं है। यह भी जांच की जा रही है कि मामला किसी गिरोह से जुड़ा है या यह व्यक्तिगत घटना है।
यह भी पढे़: हिमाचल में दर्दनाक हादसा: 200 मीटर खाई में गिरी कार, आग लगने से 4 लोगों के जिंदा जलने की आशंका








