BJP New Team: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। संगठन में कई वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। नई टीम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय महासचिव और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष समेत कई पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। नितिन नवीन के अध्यक्ष बनने के बाद संगठन में यह बड़ा फेरबदल माना जा रहा है।
वसुंधरा राजे समेत 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री राम माधव, बैजयंत पांडा, डी. पुरंदेश्वरी और रेखा वर्मा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, एम. नागराजा, तारिक मंसूर और मधुचंद्र कर को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी की नई टीम में अलग-अलग राज्यों और सामाजिक वर्गों के नेताओं को जगह देकर संगठन के व्यापक प्रतिनिधित्व पर जोर दिया गया है।


BJP New Team: विनोद तावड़े और स्मृति ईरानी को बड़ी जिम्मेदारी
नई टीम में महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। दोनों नेताओं को पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और राजनीतिक रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। स्मृति ईरानी भाजपा की प्रमुख महिला नेताओं में शामिल हैं और केंद्र सरकार में मंत्री रहते हुए कई अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। वहीं, विनोद तावड़े लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। राष्ट्रीय महासचिव के तौर पर दोनों की जिम्मेदारी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया
पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। गोयल केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और संगठन में भी उनका लंबा अनुभव रहा है।
BJP New Team: नई टीम में अनुभव और क्षेत्रीय संतुलन पर जोर
नितिन नवीन की नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ विभिन्न राज्यों से आने वाले नेताओं को शामिल किया गया है। इसे संगठन में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नितिन नवीन के सामने संगठन को मजबूत करने के साथ आगामी चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति को जमीन पर उतारने की बड़ी चुनौती है। ऐसे में राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई टीम को पार्टी के विस्तार, संगठनात्मक मजबूती और चुनावी तैयारियों में अहम भूमिका निभानी होगी।
नई टीम के जरिए भाजपा ने वरिष्ठ नेताओं के अनुभव का इस्तेमाल करने के साथ-साथ संगठन को नई ऊर्जा देने का संकेत दिया है। आने वाले समय में इन नेताओं को राज्यों में संगठन की गतिविधियों, चुनावी रणनीति और पार्टी के जनसंपर्क अभियान को गति देने की जिम्मेदारी मिल सकती है।
ये भी पढ़े … वंदे मातरम विवाद पर प्रियांक खड़गे का BJP-RSS पर हमला, बोले- ‘ये लोग सिर्फ ध्यान भटकाते हैं’








