Breaking News
Home » crime » सोशल मीडिया की दोस्ती बनी मौत की वजह: 50 लाख के जेवर ले जाने के आरोप के बाद युवक ने की खुदकुशी

सोशल मीडिया की दोस्ती बनी मौत की वजह: 50 लाख के जेवर ले जाने के आरोप के बाद युवक ने की खुदकुशी

Blackmail Case:

Blackmail Case: मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई की 16 वर्षीय छात्रा और प्रयागराज के 19 वर्षीय युवक की सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक दुखद अंत तक पहुंच गई। छात्रा के परिजनों द्वारा 50 लाख रुपये के जेवर और नकदी ले जाने की शिकायत के बाद पुलिस युवक के घर पहुंची। कार्रवाई के डर से युवक ने अगले ही दिन फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती, फिर हुआ प्रेम

पुलिस के मुताबिक, करीब ढाई साल पहले खुरई निवासी नाबालिग छात्रा की सोशल मीडिया के जरिए प्रयागराज के अंशुमान प्रसाद सिंह से दोस्ती हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। 8 अप्रैल 2026 को अंशुमान छात्रा से मिलने खुरई पहुंचा था।

Blackmail Case: ब्लैकमेल कर 35 तोला जेवर लेने का आरोप

खुरई देहात थाना प्रभारी संतोष सिंह दांगी ने बताया कि अंशुमान के पास छात्रा के कुछ निजी फोटो और वीडियो थे, जिनके जरिए वह उसे ब्लैकमेल कर रहा था। आरोप है कि छात्रा ने घर में रखे करीब 35 तोला सोने-चांदी के जेवर और 20 हजार रुपये नकद उसे दे दिए। इनमें उसकी बुआ के 15 तोला गहने भी शामिल थे। जेवरों की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।

Blackmail Case: स्कूल में छोड़ा मोबाइल और पत्र

18 अप्रैल को अंशुमान दोबारा खुरई पहुंचा और छात्रा के स्कूल गया। छात्रा के अनुपस्थित होने पर उसने स्कूल स्टाफ को एक बैग देकर उसे छात्रा तक पहुंचाने को कहा। अगले दिन बैग खोलने पर उसमें एक टिफिन, मोबाइल फोन और एक पत्र मिला। इसकी जानकारी मिलने पर परिजनों ने छात्रा से पूछताछ की, जिसके बाद कथित ब्लैकमेलिंग और संबंधों का खुलासा हुआ।

पुलिस पहुंची घर, अगले दिन युवक ने की आत्महत्या

पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 3 जुलाई को खुरई पुलिस की टीम प्रयागराज स्थित अंशुमान के घर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। पुलिस परिजनों को सूचना देकर लौट आई। देर रात घर लौटने पर परिवार ने उसे पुलिस के आने की जानकारी दी। इसके अगले दिन 4 जुलाई को अंशुमान ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

दो राज्यों की पुलिस कर रही जांच

नैनी थाना पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है, जबकि खुरई पुलिस ब्लैकमेलिंग और जेवर ले जाने के आरोपों की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

यह भी पढे़ : दिल्ली-मुंबई में भारी बारिश से उड़ानें प्रभावित, एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए जारी की एडवायजरी