BRICS MEETING: ब्रिक्स ऊर्जा मंत्रियों की 11वीं बैठक के दौरान भारत और ईरान ने ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को नई गति देने पर जोर दिया। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ईरान के तेल मंत्री मोहसेन पाकनेजाद से मुलाकात कर तेल, गैस और ऊर्जा क्षेत्र में साझेदारी को मजबूत करने तथा नए सहयोग के अवसरों पर विस्तृत चर्चा की।
तेहरान और नई दिल्ली के ऊर्जा संबंधों पर मंथन
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए और भारत स्थित ईरानी दूतावास के अनुसार, गुरुग्राम में हुई इस बैठक में दोनों नेताओं ने भारत और ईरान के बीच ऊर्जा संबंधों को और मजबूत करने के उपायों पर विचार किया। दोनों पक्षों ने तेल, गैस और ऊर्जा क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने तथा भविष्य की संभावनाओं का लाभ उठाने की आवश्यकता पर सहमति जताई।
BRICS MEETING: भारत ऊर्जा सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध : हरदीप पुरी
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए कहा कि ईरान के साथ ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि भारत संवाद, साझेदारी और पारस्परिक हितों पर आधारित सहयोग के जरिए अपनी ऊर्जा सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
2019 के बाद रुका था ईरानी तेल आयात
भारत वर्ष 2019 तक ईरान से कच्चे तेल का प्रमुख आयातक था। हालांकि, अमेरिका द्वारा ईरान पर दोबारा प्रतिबंध लगाए जाने के बाद भारत ने ईरान से तेल आयात बंद कर दिया था। ऐसे में दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग को लेकर हुई यह उच्चस्तरीय बातचीत भविष्य के संबंधों के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
BRICS MEETING: ब्रिक्स मंच पर ऊर्जा सहयोग को मिलेगा नया आयाम
ब्रिक्स ऊर्जा मंत्रियों की 11वीं बैठक 25 और 26 जून को गुरुग्राम में आयोजित की जा रही है। इस बैठक में भारत, ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, ईरान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र, इथियोपिया और इंडोनेशिया सहित सदस्य देश ऊर्जा सुरक्षा, निवेश और सहयोग को मजबूत करने के विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत और ईरान के बीच हुई यह बैठक क्षेत्रीय ऊर्जा सहयोग के लिए महत्वपूर्ण संकेत मानी जा रही है।
ये भी पढ़े… अलीगढ़ के समाजसेवी ने ट्रेन के सामने दी जान, चिट्ठी में लिखा- मरने के बाद भी समाज के काम आ सकूँ







