Home » राजस्थान » चित्तौड़गढ़ में मेहरून केमिकल फैक्ट्री विस्फोट, काले धुएं और आग से इलाके में हड़कंप

चित्तौड़गढ़ में मेहरून केमिकल फैक्ट्री विस्फोट, काले धुएं और आग से इलाके में हड़कंप

धमाके की आवाज पांच किलोमीटर तक सुनाई दी

Chittorgarh Blast: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में कपासन के रीको औद्योगिक क्षेत्र में स्थित मेहरून इंडस्ट्री केमिकल फैक्ट्री में एक तेज़ धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज़ लगभग 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आसपास का इलाका हिल गया।

पांच किलोमीटर दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज

धमाके के तुरंत बाद फैक्ट्री से काले धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया। कुछ ही पलों में वहां भीषण आग लग गई। फैक्ट्री से निकल रही केमिकल की तेज़ बदबू से आसपास रहने वाले लोग घबरा गए और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी फैल गई।

घटना की जानकारी मिलते ही नगर अध्यक्ष राज विजयवर्गीय और विकास बारेगामा ने तुरंत कदम उठाते हुए फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को घटनास्थल पर भेजा। वहीं विधायक अर्जुन लाल जीनगर ने तत्काल जिला कलेक्टर को इस हादसे से अवगत कराया।

Chittorgarh Blast: धमाके की आवाज पांच किलोमीटर तक सुनाई दी
धमाके की आवाज पांच किलोमीटर तक सुनाई दी

Chittorgarh Blast: दमकल और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर आलोक रंजन, पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी, उपखंड अधिकारी राजेश सुवालका, डीवाईएसपी हरजी लाल यादव और थाना अधिकारी सुनील शर्मा के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

आग पर काबू पाने के लिए चित्तौड़गढ़ से अतिरिक्त दमकल वाहन भी मंगवाए गए। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित कर लिया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन घटनास्थल पर मौजूद हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। केमिकल के असर को देखते हुए स्थानीय लोगों और कर्मचारियों को सावधानी बरतने और सुरक्षा उपाय अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। इस घटना के बाद कपासन क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

जनहानि नहीं, कारणों की जांच जारी

जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने बताया कि केमिकल फैक्ट्री में विस्फोट की सूचना मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। विस्फोट के कारणों की जांच जारी है, साथ ही आसपास चल रही अन्य फैक्ट्रियों की स्थिति और जानकारी भी जुटाई जा रही है।