CM Yogi Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को फिरोजाबाद जिले के दौरे पर आ रहे हैं। वह टूंडला क्षेत्र के उसायनी गांव में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री 658 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 568 लाभार्थियों का लंबे समय से चल रहा इंतजार भी आज समाप्त हो जाएगा। मुख्यमंत्री स्वयं लाभार्थियों को उनके नए आवासों की चाबियां सौंपेंगे और गृह प्रवेश कराएंगे।
मौसम ने बढ़ाई प्रशासन की चिंता
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। हालांकि सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे मौसम अचानक खराब हो गया, जिससे अधिकारियों की चिंता बढ़ गई। तेज हवाओं के साथ लगभग आधे घंटे तक बारिश हुई। फिलहाल बारिश रुक चुकी है और स्थिति सामान्य बनी हुई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 11:20 बजे लखनऊ से हेलीकॉप्टर के जरिए कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचेंगे। उनका कार्यक्रम स्थल पर लगभग एक घंटे तक रुकने का कार्यक्रम है।इस दौरान वह शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण और 22 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। वहीं टूंडला क्षेत्र की 14 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 26 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
CM Yogi Visit: 81 विकास परियोजनाओं को मिलेगी मंजूरी
मुख्यमंत्री कुल 81 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 33 परियोजनाओं का लोकार्पण और 48 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।मुख्यमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सुरक्षा ड्यूटी के लिए दो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) और नौ क्षेत्राधिकारी (सीओ) अन्य जिलों से बुलाए गए हैं।
एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
जिले के सभी सीओ के साथ-साथ एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। रविवार शाम पुलिस लाइन सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता और सजगता बनाए रखने, साथ ही निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर समय से पहुंचने के निर्देश दिए, ताकि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।
ये भी पढ़ें…21 साल पुराने सपा कार्यालय पर चला बुलडोजर: तड़के पहुंची प्रशासनिक टीम, दो घंटे में ढहा पूरा भवन








