Breaking News
Home » नई दिल्ली » स्थापना दिवस पर खड़गे ने बोला भाजपा पर हमला – लोकतंत्र कमजोर, जल-जंगल-जमीन खतरे में

स्थापना दिवस पर खड़गे ने बोला भाजपा पर हमला – लोकतंत्र कमजोर, जल-जंगल-जमीन खतरे में

Spread the love

Congress Foundation Day: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आयोजित समारोह में खड़गे ने कहा कि देश के लोकतांत्रिक मूल्य खतरे में हैं और पिछले 11 वर्षों में भाजपा सरकार ने कांग्रेस द्वारा खड़े किए गए संस्थानों को कमजोर करने का काम किया है। इस मौके पर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

झंडारोहण के साथ शुरू हुआ समारोह

स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस का ध्वज फहराया। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और संविधान की रक्षा है। खड़गे ने पार्टी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस और आने वाले नए साल की शुभकामनाएं दीं।

Congress Foundation Day: स्वतंत्रता संग्राम से संविधान तक 

अपने संबोधन में खड़गे ने कांग्रेस की ऐतिहासिक यात्रा को याद करते हुए कहा कि 28 दिसंबर 1885 को स्थापित कांग्रेस ने भारत की आजादी के संघर्ष में निर्णायक भूमिका निभाई। लाखों कार्यकर्ताओं ने जेलें काटीं और बलिदान दिए। उन्होंने महात्मा गांधी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं, गरीबों और समाज के हर वर्ग को आजादी की लड़ाई से जोड़ा। 1931 का कराची प्रस्ताव आगे चलकर भारत के संविधान की बुनियाद बना।

भाजपा सरकार पर सीधा आरोप

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर हुई हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा,“आज देश में जल, जंगल और जमीन खतरे में हैं। संविधानिक मूल्यों को लगातार कमजोर किया जा रहा है।” उन्होंने आरएसएस पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि संघ की विचारधारा संविधान और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान नहीं दिखाती।

Congress Foundation Day: कांग्रेस सरकारों के योगदान गिनाए

खड़गे ने ग्रीन रिवॉल्यूशन, व्हाइट रिवॉल्यूशन, आईटी और संचार क्रांति का श्रेय कांग्रेस सरकारों को दिया। उन्होंने यूपीए शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि सोनिया गांधी के नेतृत्व में अधिकार आधारित कानूनों से आम नागरिकों को मजबूती मिली और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के फैसलों को वैश्विक स्तर पर सम्मान मिला।

कार्यकर्ताओं से एकजुट संघर्ष का आह्वान

अपने भाषण के अंत में खड़गे ने पार्टी कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील की। उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों को दोहराते हुए कहा कि सत्य की जीत में समय लग सकता है, लेकिन अंततः वही विजयी होता है।

ये भी पढ़े… SIR प्रक्रिया से चाय बागान क्षेत्रों में मतदाता कटौती पर सियासी चिंता

 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments