Congress Protest: दिल्ली में कथित वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी राजनीतिक घमासान के बीच कांग्रेस को रामलीला मैदान में प्रदर्शन करने की अनुमति मिल गई है। दिल्ली पुलिस ने पार्टी को अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी कर दिया है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी 1 नवंबर को रामलीला मैदान में बड़ा प्रदर्शन कर सकती है। इसके लिए अब उसे नगर निगम (MCD) की औपचारिक प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
Congress Protest: रामलीला मैदान, बुराड़ी और CBD ग्राउंड बने प्रदर्शन स्थल-
जंतर-मंतर को अधिकृत प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाए जाने के बाद दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन के लिए नए स्थान निर्धारित किए गए हैं। केंद्र सरकार ने रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और CBD ग्राउंड को प्रदर्शन स्थलों के रूप में अधिकृत किया है। इसके बाद कांग्रेस ने रामलीला मैदान में प्रदर्शन आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी है।
Congress Protest: दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस को जारी किया NOC-
दिल्ली सेंट्रल के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि कांग्रेस ने रामलीला मैदान की उपलब्धता की जानकारी लेने के लिए MCD से संपर्क किया था। MCD ने पार्टी को जानकारी दी कि यह मैदान 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक उपलब्ध रहेगा। मैदान की उपलब्धता का प्रमाण पत्र मिलने के बाद कांग्रेस ने दिल्ली पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने पार्टी के प्रतिनिधियों से बातचीत की और प्रदर्शन के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की। इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस को NOC जारी करने का फैसला लिया।
अब MCD से पूरी करनी होगी औपचारिक प्रक्रिया-
डीसीपी रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने 17 अक्टूबर को कांग्रेस को NOC जारी कर दिया है। अब पार्टी को यह प्रमाण पत्र लेकर MCD के पास जाना होगा। MCD इस जमीन की मालिक एजेंसी है। वहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद कांग्रेस प्रदर्शन की तैयारियां शुरू कर सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि रामलीला मैदान 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक बुकिंग के लिए उपलब्ध रहेगा। यदि कोई अन्य संगठन या आयोजक भी यहां प्रदर्शन करना चाहता है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत मैदान बुक करा सकता है।
1 नवंबर को बड़ा प्रदर्शन कर सकती है कांग्रेस-
कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पार्टी 1 नवंबर को रामलीला मैदान में बड़े प्रदर्शन की तैयारी कर रही है। यह प्रदर्शन कथित वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो सकता है। हालांकि, प्रदर्शन के आयोजन को लेकर पार्टी की तैयारियों के बीच MCD की औपचारिक प्रक्रिया पूरी करना भी जरूरी होगा।
CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी है विरोध-
कथित वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस सहित कई विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस मुद्दे पर दिल्ली में पहले भी कई दौर के प्रदर्शन हो चुके हैं। अब रामलीला मैदान में प्रस्तावित प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस इस मुद्दे को और जोर-शोर से उठाने की तैयारी में है। ऐसे में 1 नवंबर को होने वाले संभावित प्रदर्शन पर राजनीतिक दलों के साथ-साथ प्रशासन की भी नजर रहेगी।
यह भी पढ़े- खबर इंडिया की ग्राउंड रिपोर्ट में देखिए ‘पप्पू मीडिया’ गैंग की बदतमीजी








