Datia By Election: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के भीतर जारी राजनीतिक हलचल के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती का बड़ा बयान सामने आया है। उमा भारती ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को जीत का आशीर्वाद देते हुए वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के रुख की खुलकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि नरोत्तम मिश्रा ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और बड़े दिल का परिचय दिया है। उमा भारती का यह बयान ऐसे समय आया है, जब टिकट वितरण के बाद दतिया में विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक गतिविधियां तेज रही हैं।
उमा भारती ने आशुतोष तिवारी को दिया जीत का आशीर्वाद
उमा भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की गई अपनी पोस्ट में लिखा कि दतिया से आशुतोष तिवारी के उम्मीदवार घोषित होने के बाद उन्होंने नरोत्तम मिश्रा को यह कहते हुए सुना कि वह आशुतोष तिवारी के नामांकन में शामिल होंगे। उन्होंने इसे एक आदर्श उदाहरण बताया और कहा कि वह नरोत्तम मिश्रा का बहुत सम्मान और स्नेह करती हैं। उन्होंने आगे लिखा कि वह वृंदावन में हैं और आशुतोष तिवारी ने उन्हें फोन कर जीत का आशीर्वाद मांगा था। उन्होंने पूरे मन से उन्हें विजय का आशीर्वाद दिया और चुनाव में सफलता की शुभकामनाएं दीं।
Datia By Election: नरोत्तम मिश्रा के फैसले को बताया ‘बड़प्पन’
उमा भारती ने अपनी पोस्ट में कहा कि वह नरोत्तम मिश्रा से जो कहना चाहती थीं, उससे पहले ही उन्होंने स्वयं घोषणा कर दी कि वह आशुतोष तिवारी के नामांकन में मौजूद रहेंगे। उमा भारती ने इसे नरोत्तम मिश्रा का “बड़प्पन” बताते हुए कहा कि संगठन के फैसले के साथ खड़े होने का उनका निर्णय कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है। उनके इस बयान को भाजपा के भीतर एकजुटता का संदेश माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इससे दतिया उपचुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच सकारात्मक संदेश जाएगा।

टिकट घोषणा के बाद हुआ था विरोध प्रदर्शन
भाजपा ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। प्रत्याशी की घोषणा के बाद नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया था। प्रदर्शन के दौरान पथराव की घटना भी हुई, जिसमें पुलिस अधीक्षक सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इस घटनाक्रम के बाद नरोत्तम मिश्रा ने मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल से मुख्यमंत्री निवास पर मुलाकात की। बैठक में चुनावी रणनीति, संगठनात्मक विषयों और उपचुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
Datia By Election: संगठन ने दिया एकजुटता का संदेश, 30 जुलाई को होगा मतदान
बैठक के बाद भाजपा ने स्पष्ट किया कि प्रत्याशी चयन को लेकर कुछ कार्यकर्ताओं ने भावावेश में इस्तीफे की बात जरूर कही थी, लेकिन संगठन को कोई औपचारिक इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है। पार्टी ने साफ किया कि किसी भी कार्यकर्ता का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी कार्यकर्ता संगठन के निर्णय के साथ मजबूती से खड़े हैं। भाजपा नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव प्रचार में जुटने की अपील की है और दावा किया है कि आशुतोष तिवारी रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करेंगे। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें…दतिया में कांग्रेस ने घनश्याम सिंह पर जताया भरोसा, बीजेपी के आशुतोष तिवारी से होगा मुकाबला








