David Warner Controversy: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व उप-कप्तान डेविड वॉर्नर ने 2018 के चर्चित बॉल टेंपरिंग विवाद को लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वॉर्नर का कहना है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस मामले की जांच ठीक से नहीं की और कुछ खिलाड़ियों को पहले से ही दोषी ठहराने का फैसला कर लिया था। उन्होंने जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इसे मामला दबाने की कोशिश बताया है।
David Warner Controversy: 2018 में सामने आया था बॉल टेंपरिंग विवाद
दरअसल, साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में बॉल टेंपरिंग का मामला सामने आया था। केपटाउन टेस्ट के दौरान गेंद से छेड़छाड़ की साजिश में स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को दोषी पाया गया था। इसके बाद तीनों खिलाड़ियों पर प्रतिबंध समेत अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई थी।
David Warner Controversy: उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा से फिर चर्चा में आया मामला
हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी नई आत्मकथा में 2018 के इस विवाद को फिर से चर्चा में ला दिया। उन्होंने दावा किया कि ऑस्ट्रेलियाई टीम के सभी खिलाड़ियों को गेंद से छेड़छाड़ के लिए सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी थी। ख्वाजा के इस दावे के बाद डेविड वॉर्नर ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तत्कालीन जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं।
वॉर्नर ने इन तीन गेंदबाजों का लिया नाम
डेविड वॉर्नर के मुताबिक, केपटाउन टेस्ट में खेलने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों से इस मामले में पूछताछ नहीं की गई थी। उन्होंने जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क और नाथन लायन का नाम लेते हुए कहा कि उन्हें जानकारी के अनुसार जांच के दौरान इन गेंदबाजों से सवाल नहीं पूछे गए थे। वॉर्नर ने कहा, “जहां तक मुझे पता है, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 2018 की जांच के दौरान जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क या नाथन लायन से पूछताछ नहीं की थी।” उन्होंने आगे सवाल उठाया, “अगर यह सही है तो क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया यह कैसे कह सकता है कि गेंदबाजों को इस बारे में कुछ पता नहीं था?”
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पर मामला दबाने का आरोप
वॉर्नर ने आरोप लगाया कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआत से ही कुछ खिलाड़ियों को दोषी ठहराने का मन बना लिया था। उनके अनुसार, जांच निष्पक्ष तरीके से नहीं की गई और अब भी यह धारणा बनाए रखने की कोशिश की जा रही है कि गेंदबाजों को गेंद से छेड़छाड़ की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच प्रक्रिया को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए इसे मामले को दबाने जैसा बताया है। इस बयान के बाद 2018 का बॉल टेंपरिंग विवाद एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में चर्चा का विषय बन गया है।
यह भी पढ़े- शिवपाल-आजम की मुलाकात पर राजभर का बड़ा तंज, अखिलेश से पूछा- ‘आपको पता भी है क्या डील हुई?’








