Delhi Bride Death: दिल्ली की लोधी कॉलोनी में एक नवविवाहिता की मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। पुलिस के अनुसार, शनिवार को 28 वर्षीय आकृति तीसरी मंजिल से गिर गई थीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस इस मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, लेकिन परिवार का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है।
परिवार ने सुसाइड की बात को नकारा
आकृति के परिजनों का कहना है कि घटना वाले दिन उनके व्यवहार में ऐसा कुछ भी नहीं था जिससे लगे कि वह मानसिक तनाव या डिप्रेशन में थीं। परिवार के अनुसार, वह शनिवार को रोज की तरह ऑफिस गई थीं और वहां अपने सहकर्मियों के लिए एक छोटी-सी पार्टी भी रखी थी। उनका मानना है कि ऐसा करने वाला व्यक्ति आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता।

मां से आखिरी बातचीत में थीं बिल्कुल सामान्य
परिजनों ने बताया कि शनिवार शाम करीब 6 बजे आकृति की अपनी मां से फोन पर बात हुई थी। बातचीत के दौरान वह पूरी तरह सामान्य थीं। उन्होंने ऑफिस में हुई पार्टी का जिक्र किया और बताया कि वह घर लौट रही हैं। परिवार सवाल उठा रहा है कि जब वह कुछ घंटे पहले तक सामान्य थीं, तो केवल तीन घंटे बाद आत्महत्या कैसे कर सकती हैं।पुलिस के अनुसार, आकृति दक्षिण दिल्ली के पुष्प विहार की रहने वाली थीं और छतरपुर स्थित एक निजी कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थीं। उनकी शादी करीब ढाई महीने पहले हुई थी।
Delhi Bride Death: दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप
आकृति के परिवार ने उनके पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि आरोपियों को बचाने के लिए इस घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है।परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति आकृति के साथ मारपीट करता था और दहेज को लेकर लगातार परेशान करता था। परिवार के मुताबिक, यह लव-कम-अरेंज मैरिज थी।परिवार ने बताया कि आकृति की पहले अरस्तु की बहन अगस्तिका सिक्का से दोस्ती हुई थी। बाद में इसी जान-पहचान के जरिए आकृति और अरस्तु के बीच रिश्ता बना। ऐसे में परिवार का कहना है कि उनकी मौत बेहद संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पति ने पहले लापता होने की सूचना दी
आकृति के चाचा मनंजय सुतार के मुताबिक, शाम करीब 6 बजे आकृति ने अपनी मां से बात की थी। इसके लगभग दो घंटे बाद यानी रात करीब 8 बजे उनके पति का फोन आया और बताया कि आकृति लापता हो गई हैं। करीब 90 मिनट बाद पुलिस ने परिवार को सूचना दी कि पालिका कुंज में एक महिला का शव मिला है, जिसकी पहचान बाद में आकृति के रूप में हुई।
Delhi Bride Death: दिल्ली-एनसीआर में पत्नी की हत्या के दो और मामले
1. फोन पर बात करने के शक में पत्नी की हत्या
दिल्ली के राणहोला थाना क्षेत्र में रविवार को एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बैटरी से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने एल्यूमिनियम फॉस्फाइड की गोलियां खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर बात करती थी। आरोपी की बहन ने बताया कि उसका बड़ा भाई और उसकी पत्नी अलग रहते थे, जबकि वह अपनी मां और छोटे भाई के साथ रहती थी। उसने बताया कि भाई ने फोन कर कहा था कि उसने जहर खा लिया है और पत्नी की हत्या कर दी है।
2. गुरुग्राम में गर्लफ्रेंड के लिए पत्नी की हत्या
हरियाणा के गुरुग्राम में शादी के केवल तीन महीने बाद पत्नी की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने पति और उसकी गर्लफ्रेंड को गिरफ्तार किया है।जांच में पता चला कि अंकित की शादी 19 फरवरी को मधु से हुई थी, लेकिन वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ रहना चाहता था। इसी वजह से उसने शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी की हत्या की साजिश बनाई।
21 मई को वह बहाने से अपनी पत्नी को गर्लफ्रेंड के किराए के कमरे पर ले गया, जहां गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद दोनों ने शव को बाथरूम में बंद कर दिया और वहां से फरार हो गए।मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। वारदात के बाद दोनों नेपाल भाग गए थे। करीब एक महीने बाद किसी काम से चोरी-छिपे मानेसर लौटे, जहां पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें…उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर, भूस्खलन से बद्रीनाथ हाईवे समेत कई सड़कें बंद








