Delhi Crime: दिल्ली में बीते 24 घंटे के भीतर चार लोगों की हत्या की सनसनीखेज वारदातों ने राजधानी की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ गोविंदपुरी इलाके में घर में घुसकर मां-बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई, तो वहीं दूसरी तरफ रोहिणी के अमन विहार में दो नाबालिगों की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं के बाद विपक्ष ने रेखा गुप्ता सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।
गोविंदपुरी में मां-बेटे का कत्ल
दक्षिणी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में देर रात बदमाशों ने 42 वर्षीय शारदा और उनके 15 वर्षीय बेटे कुशल की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात उस समय हुई जब घर में केवल मां और बेटा मौजूद थे। बताया जा रहा है कि मृतक महिला का पति जब बाजार से वापस लौटा, तो घर का गेट बाहर से बंद मिला और दरवाजे के पास खून के निशान दिखाई दिए। अंदर जाकर देखा तो पत्नी और बेटे के शव किचन में खून से लथपथ पड़े थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में लूटपाट के दौरान हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक घर से नकदी और जेवरात गायब हैं।
Delhi Crime: रोहिणी में बदले की आग में डबल मर्डर
वहीं बाहरी दिल्ली के अमन विहार इलाके में दो नाबालिगों की हत्या ने इलाके में दहशत फैला दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि सुल्तानपुरी से आए तीन नाबालिग अपने दोस्त की हत्या का बदला लेने पहुंचे थे। जिस युवक की तलाश थी वह नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने उसके परिवार के लोगों से मारपीट की। घटना के बाद जब तीनों भागने लगे तो पीछा कर रहे लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान एक 14 वर्षीय किशोर ने गिरा हुआ चाकू उठाकर दो नाबालिगों पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। तीसरा आरोपी घायल बताया जा रहा है।
लगातार हो रही हत्याओं और आपराधिक घटनाओं को लेकर विपक्ष ने दिल्ली सरकार और प्रशासन को घेरना शुरू कर दिया है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हो चुके हैं और आम लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे। विपक्ष ने सवाल उठाया कि आखिर राजधानी में दिन-दहाड़े और रात के समय इतनी बड़ी वारदातें कैसे हो रही हैं? महिलाओं और बच्चों तक की सुरक्षा खतरे में दिखाई दे रही है। विपक्ष ने आरोप लगाया कि रेखा गुप्ता सरकार अपराध रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। फिलहाल, दोनों मामलों में दिल्ली पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़े… यूपी में सड़क, पुल और हेलीपैड पर फोकस, सीएम योगी ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश








