Home » राष्ट्रीय » दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भीषण जाम, इन रास्तों से करें सफर ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवायजरी

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भीषण जाम, इन रास्तों से करें सफर ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवायजरी

DELHI NCR TRAFFIC: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भीषण जाम

DELHI NCR TRAFFIC: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को प्रदर्शन और किसानों के प्रस्तावित ‘दिल्ली कूच’ के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने का असर यातायात पर भी देखने को मिला। दिल्ली की सीमाओं पर बैरिकेडिंग और वाहनों की सघन जांच के कारण दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर भीषण जाम लग गया। डीएनडी फ्लाईवे और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे समेत कई रास्तों पर वाहन घंटों तक रेंगते रहे। सुबह के व्यस्त समय में स्थिति और गंभीर हो गई, जिससे नौकरीपेशा लोगों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बॉर्डर पर चेकिंग से कई मार्गों पर लगा लंबा जाम

जंतर-मंतर पर चल रहे युवा आंदोलन और किसानों के प्रस्तावित ‘दिल्ली कूच’ को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी की सीमाओं पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं। प्रमुख बॉर्डर पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की जा रही है। इसका सबसे ज्यादा असर डीएनडी फ्लाईवे, सेक्टर-62, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गाजियाबाद-दिल्ली मार्ग और गुरुग्राम से दिल्ली आने वाले रास्तों पर पड़ा। कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें 45 मिनट से लेकर एक घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ा।

DELHI NCR TRAFFIC: ऑफिस जाने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी

भारी ट्रैफिक के कारण दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों के साथ-साथ स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को भी परेशानी हुई। कई कर्मचारी समय पर अपने कार्यालय नहीं पहुंच सके। कुछ स्थानों पर एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहनों को भी धीमी रफ्तार से गुजरना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था के कारण कुछ समय तक प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बना रह सकता है।

ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी, इन रास्तों से करें सफर

ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी लें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। पुलिस ने कालिंदी कुंज, आनंद विहार, अप्सरा बॉर्डर, लोनी बॉर्डर, भोपुरा बॉर्डर और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे जैसे वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी है। यात्रियों से गूगल मैप और ट्रैफिक अपडेट देखकर यात्रा की योजना बनाने को कहा गया है। सुरक्षा व्यवस्था सामान्य होने तक दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख मार्गों पर यातायात दबाव बने रहने की संभावना है।