Rahul Gandhi: पेपर लीक और छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के मुद्दे को लेकर संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेता संसद से प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करने के बाद धरने पर बैठ गए। कांग्रेस नेताओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और संसद में NEET समेत पेपर लीक से जुड़े मामलों पर चर्चा की मांग की। करीब तीन घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, अखिलेश यादव समेत प्रदर्शन कर रहे नेताओं को हिरासत में लेकर धरनास्थल खाली करा दिया।
पीएम आवास तक मार्च, धरने पर बैठे कांग्रेस नेता
राहुल गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने संसद से प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकाला। धरने के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि देश के युवाओं के लिए अवसर कम होते जा रहे हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था भी बर्बाद हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर जिम्मेदारी लेने और संसद में चर्चा कराने से बच रही है।
Rahul Gandhi: सरकार ने NEET पर चर्चा की पेशकश की
करीब एक घंटे बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और राहुल गांधी से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। जितेंद्र सिंह ने दावा किया कि सरकार राहुल गांधी की मांगों पर संसद में NEET और उससे जुड़े आंदोलन के सभी मामलों पर चर्चा के लिए तैयार है।

राहुल शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़े
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, राहुल गांधी केवल संसद में चर्चा के आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर भी आश्वासन मांगा। राहुल गांधी लगातार सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग करते रहे। उनका कहना था कि छात्रों का भविष्य दांव पर है और सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
Rahul Gandhi: धरनास्थल पर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की
पीएम आवास के पास प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की। इस दौरान समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और सुप्रिया सुले भी धरनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाना शुरू कर दिया।
राहुल गांधी समेत कई नेता हिरासत में
करीब तीन घंटे बाद दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, अखिलेश यादव और अन्य नेताओं को हिरासत में लेकर धरनास्थल खाली करा दिया। प्रियंका गांधी को भी पुलिस बस में बैठाने की कोशिश करती नजर आईं, लेकिन उन्होंने विरोध जारी रखा। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि छात्रों पर हमला हर भारतीय परिवार पर हमला है और प्रधानमंत्री बिना जवाब दिए नहीं बच सकते।








