Home » नई दिल्ली » दिल्ली में खाकी पर सवाल, स्पेशल सेल के हेड कांस्टेबल की फायरिंग में मजदूर की मौत

दिल्ली में खाकी पर सवाल, स्पेशल सेल के हेड कांस्टेबल की फायरिंग में मजदूर की मौत

Delhi news: राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात एक हेड कांस्टेबल पर फायरिंग कर एक शख्स की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद से आरोपी पुलिसकर्मी फरार बताया जा रहा है और पूरे मामले में पुलिस की चुप्पी भी कई सवाल खड़े कर रही है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, द्वारका के जाफरपुर कला इलाके में देर रात करीब 2 बजे यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि स्पेशल सेल में तैनात हेड कांस्टेबल नीरज ने गोली चलाई, जिसमें एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य शख्स घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब इलाके में रहने वाले कुछ मजदूर आपस में पार्टी कर रहे थे।

Delhi news: विवाद के बाद चली गोली

सूत्रों के अनुसार, मजदूर शराब के नशे में शोर-शराबा कर रहे थे, जिसको लेकर हेड कांस्टेबल नीरज की उनसे कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर कांस्टेबल ने फायरिंग कर दी। फिलहाल यह भी जांच का विषय है कि घटना के समय आरोपी पुलिसकर्मी खुद नशे में था या नहीं।

Delhi news: पुलिस की कार्रवाई और जांच

घटना के बाद आरोपी हेड कांस्टेबल मौके से फरार हो गया। दिल्ली पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं

Delhi news: गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली के करोल बाग इलाके में भी देर रात फायरिंग की घटना सामने आई थी, जिसमें एक शख्स घायल हुआ था। उस मामले में पुलिस ने मौके से कारतूस बरामद किए थे और जांच जारी है।

 

ये भी पढ़ें: अयोध्या में गर्मी का असर, राम मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या 60% घटी