Delhi News: राजधानी दिल्ली में नाबालिग किशोरी के कथित गैंगरेप और हत्या के मामले ने एक बार फिर महिला और बाल सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्वरूप नगर इलाके में 13 सितंबर की सुबह किशोरी का शव खुले मैदान में मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और करीब 50 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालने के बाद संदिग्ध टेंपो की पहचान की। पुलिस का दावा है कि इसी सुराग के आधार पर चार आरोपियों को पकड़ा गया, जिनमें तीन नाबालिग हैं।
पुलिस के मुताबिक, किशोरी एक परिचित 17 वर्षीय लड़के से मिलने गई थी। आरोप है कि उसके साथ पहले दुष्कर्म किया गया और बाद में उसके साथियों को बुलाया गया। पुलिस के अनुसार, किशोरी को सुनसान मैदान में ले जाकर उसकी हत्या कर दी गई और शव को मिट्टी–पत्तियों के नीचे छिपाने की कोशिश की गई। मामले में पुलिस ने दो चाकू, कथित तौर पर वारदात के समय पहने गए कपड़े और DL-1LAG-0257 नंबर का टेंपो बरामद किया है। फॉरेंसिक और तकनीकी जांच अभी जारी है।
72 घंटे में खुलासा
पुलिस की जांच तेजी से आरोपियों तक पहुंची, लेकिन इस घटना ने दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल सामने ला दिए हैं। अगर एक नाबालिग लड़की को सुनसान इलाके तक ले जाया गया, तो क्या संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी और गश्त पर्याप्त है? क्या दिल्ली के ऐसे इलाकों की पहचान की गई है जहां महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त निगरानी की जरूरत है? CCTV से अपराध के बाद आरोपियों तक पहुंचना जरूरी है, लेकिन अपराध होने से पहले उसे रोकने के लिए पुलिसिंग कितनी प्रभावी है? और सबसे अहम सवाल- राजधानी में नाबालिग लड़कियों की सुरक्षा के लिए सरकार और पुलिस की मौजूदा व्यवस्था में और क्या बदलाव किए जाने की जरूरत है?
Delhi News: रेखा गुप्ता सरकार के सामने बड़ी चुनौती
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार के सामने यह मामला कानून–व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर जवाबदेही का मुद्दा भी खड़ा करता है। सरकार और पुलिस के सामने अब सिर्फ यह बताना पर्याप्त नहीं होगा कि आरोपियों को कितने समय में पकड़ा गया। लोगों के बीच यह सवाल भी है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए राजधानी में जमीनी स्तर पर क्या कदम उठाए जा रहे हैं?
क्या सुनसान इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी? क्या संवेदनशील क्षेत्रों में CCTV निगरानी को और मजबूत किया जाएगा? क्या नाबालिगों से जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए स्थानीय स्तर पर कोई विशेष रणनीति बनाई जा रही है? इन सवालों के जवाब इसलिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि मामला एक नाबालिग पीड़िता से जुड़ा है और घटना ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ाई है।
पुलिस की जांच अभी जारी
पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की आगे जांच शुरू कर दी है। तीन आरोपियों के नाबालिग होने के कारण उनके संबंध में कानून के तहत प्रक्रिया अपनाई जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। फिलहाल फोकस फॉरेंसिक और तकनीकी सबूतों को जोड़ने तथा घटनाक्रम की पूरी कड़ी सामने लाने पर है। लेकिन सवाल यही है—72 घंटे में आरोपियों तक पहुंचने वाली पुलिस क्या अब यह भी सुनिश्चित कर पाएगी कि दिल्ली की किसी और बेटी को ऐसी घटना का शिकार न होना पड़े?
ये भी पढ़े… ममता के समर्थन में आए राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल? ‘वोट चोरी के बाद अब पार्टी चोरी का आरोप









