Home » राष्ट्रीय » पहले माफी, फिर बोले- हमारे ठाकुर जी टेढ़े हैं, धीरेंद्र शास्त्री के बयान का पूरा मामला क्या है?

पहले माफी, फिर बोले- हमारे ठाकुर जी टेढ़े हैं, धीरेंद्र शास्त्री के बयान का पूरा मामला क्या है?

Dhirendra Shashtri: पहले माफी फिर बोले हमारे ठाकुर जी टेढ़े- धीरेंद्र शास्त्री

Dhirendra Shastri: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए अपने बयान के कारण चर्चा में हैं। राम और कृष्ण की तुलना करते हुए भगवान श्रीकृष्ण को टेढ़ा बताने पर विवाद के बाद उन्होंने माफी मांगी थी। अब शनिवार को वृंदावन पहुंचकर उन्होंने एक बार फिर कहा कि हम अपने प्यारे टेढ़े-मेढ़े ठाकुर जी की नगरी में आ गए हैं। इस दौरान उन्होंने उन लोगों पर भी तंज कसा, जो विवाद के समय सोशल मीडिया पर कृष्ण भक्त बनकर सामने आए थे। शास्त्री ने कहा कि वे ऐसे लोगों को देखने भी आए हैं।

वृंदावन पहुंचकर फिर बोले- हमारे ठाकुर जी टेढ़े हैं

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शनिवार को वृंदावन पहुंचे और ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम अपने प्यारे टेढ़े-मेढ़े ठाकुर जी की नगरी में आ गए हैं। बांके बिहारी की नगरी में आकर सभी ब्रजवासियों के चरणों में दंडवत प्रणाम करते हैं। उन्होंने कहा कि वे ठाकुर जी के दर्शन करने और उनका आशीर्वाद लेने आए हैं। शास्त्री ने बांके बिहारी जी के टेढ़े-मेढ़े स्वरूप का उल्लेख करते हुए उसी अंदाज में अपनी बात रखी, जिस तरह वे पहले भी भगवान कृष्ण के स्वरूप को लेकर बोल चुके थे।

Dhirendra Shastri: मौसमी कृष्ण भक्तों पर भी कसा तंज

शास्त्री ने अपने बयान में उन लोगों पर भी निशाना साधा, जो पिछले दिनों उनके बयान का विरोध कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हम तो आ गए, अब वे लोग कहां हैं जो कुछ दिनों के लिए सोशल मीडिया पर कृष्ण भक्त बन गए थे? वे कब आएंगे? उन्होंने कहा कि वे ऐसे लोगों को देखने आए हैं। शास्त्री ने विरोध करने वालों को चुनौती देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर पोस्ट करने और विरोध जताने के बजाय मैदान में आकर भी अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

पहले राम-कृष्ण की तुलना पर हुआ था विवाद

दरअसल, धीरेंद्र शास्त्री ने मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में रामकथा के दौरान भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना की थी। उन्होंने कहा था कि भगवान राम सीधे खड़े होते हैं, जबकि श्रीकृष्ण तीन जगह से टेढ़े होकर बांसुरी बजाते हैं। उन्होंने अयोध्या और वृंदावन के नामों की तुलना करते हुए भी टिप्पणी की थी। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।

Dhirendra Shastri: विवाद बढ़ा तो हाथ जोड़कर मांगी थी माफी

बयान सामने आने के बाद वृंदावन और मथुरा के कई संतों ने आपत्ति जताई थी। कुछ संतों ने उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी की थी। इसके बाद धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी कर सफाई दी और कहा कि उनका उद्देश्य भगवान राम और श्रीकृष्ण में भेद करना नहीं था। उन्होंने कहा था कि वे स्वयं ठाकुर जी और ब्रज के भक्त हैं। उनकी बात को भावपूर्ण उलाहने के रूप में समझा जाना चाहिए। यदि किसी की भावना आहत हुई है तो वे क्षमा मांगते हैं।

बोले- हमारी भाषा में त्रुटि हो सकती है, भाव में नहीं

वृंदावन में अपने ताजा संबोधन के दौरान शास्त्री ने कहा कि हमारी भाषा में त्रुटि हो सकती है, लेकिन भाव में त्रुटि नहीं हो सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बयान का विरोध इसलिए किया जा रहा है क्योंकि वे हिंदू एकता की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि जाति-पाति से ऊपर उठकर सभी को एकजुट होना चाहिए। शास्त्री ने जल्द ही ब्रज में निवास करने की इच्छा भी जताई। इसके बाद वे ठाकुर बांके बिहारी मंदिर पहुंचे और दर्शन-पूजन किया।

 

ये भी पढ़ें…19.7 KM लंबा नीतीश सेतु क्यों है खास? बिहार के दो हिस्सों की कनेक्टिविटी कैसे बदलेगा यह पुल?