Home » स्वास्थ्य » गंदा हेलमेट बढ़ा सकता है स्कैल्प इंफेक्शन का खतरा, डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें बचाव के आसान तरीके

गंदा हेलमेट बढ़ा सकता है स्कैल्प इंफेक्शन का खतरा, डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें बचाव के आसान तरीके

Dirty Helmet Scalp Infection:

Dirty Helmet Scalp Infection: वाहन चलाते समय सड़क दुर्घटना से बचने के लिए हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है। हालांकि, हेलमेट की सुरक्षा के साथ उसकी साफ-सफाई का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। लंबे समय तक गंदे हेलमेट का इस्तेमाल करने से स्कैल्प पर खुजली, रैशेज, एक्ने और इंफेक्शन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। हेलमेट की अंदरूनी सतह पर पसीना, तेल, धूल और डेड स्किन जमा होने से सूक्ष्मजीवों के पनपने का खतरा बढ़ सकता है। स्कैल्प इंफेक्शन और हेलमेट की साफ-सफाई को लेकर बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. Chandni Jain Gupta, Dermatologist, Cosmetologist And Hair Transplant Surgeon, Elantis Healthcare, New Delhi से बात की।

Dirty Helmet Scalp Infection: गंदे हेलमेट में पाए जा सकते हैं फंगस-

साल 2026 में Medical Laboratory Network में प्रकाशित एक स्टडी में मोटरसाइकिल चालकों के हेलमेट की जांच की गई। इसमें 18.9 प्रतिशत सैंपल में फंगस पाए गए। जांच में हेलमेट की साफ-सफाई और फंगल ग्रोथ के बीच संबंध देखने को मिला। इससे संकेत मिलता है कि गंदे हेलमेट में फंगल ग्रोथ हो सकती है, जिससे स्कैल्प इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है।

Dirty Helmet Scalp Infection: पसीना और तेल बना सकते हैं समस्या-

लंबे समय तक हेलमेट पहनने से सिर का पसीना और प्राकृतिक तेल हेलमेट की अंदरूनी सतह पर जमा हो जाता है। इसमें धूल और डेड स्किन भी मिल जाती है। पसीने से बनी नमी सूक्ष्मजीवों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर सकती है। इसलिए स्कैल्प और बालों की सफाई के साथ हेलमेट को साफ रखना भी जरूरी है।

किसी दूसरे व्यक्ति का हेलमेट शेयर न करें-

किसी अन्य व्यक्ति के साथ हेलमेट शेयर करने से बचना चाहिए, खासकर तब जब उसकी अंदरूनी सतह साफ न हो। अलग-अलग लोगों के पसीने और स्कैल्प के संपर्क में आने से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।

गीला हेलमेट तुरंत इस्तेमाल न करें-

अगर पसीने या बारिश के कारण हेलमेट अंदर से गीला हो गया है, तो उसे अच्छी तरह सूखने दें। बारिश में भीगने के बाद हेलमेट को साफ करके पूरी तरह सुखाना चाहिए। गीले हेलमेट का तुरंत इस्तेमाल करने से बचें।

ज्यादा पसीना आने पर स्कैल्प की सफाई रखें-

अगर हेलमेट पहनने के बाद सिर पर ज्यादा पसीना आता है, तो स्कैल्प की सफाई पर विशेष ध्यान दें। बालों की जरूरत के अनुसार माइल्ड शैंपू का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, हर दिन शैंपू करने से बचें और अपनी जरूरत के अनुसार हेयर केयर रूटीन अपनाएं।

हेलमेट की अंदरूनी पैडिंग रखें साफ-

हेलमेट की अंदरूनी पैडिंग सीधे सिर और स्कैल्प के संपर्क में रहती है। इसमें पसीना, तेल, धूल और डेड स्किन जमा हो सकती है। इसलिए पैडिंग की नियमित सफाई करें और उसे पूरी तरह सुखाने के बाद ही हेलमेट में लगाएं। इसे साफ करने के लिए हार्ड केमिकल का इस्तेमाल करने से बचें।

स्कैल्प इंफेक्शन से कैसे बचें-

– स्कैल्प को साफ रखें और जरूरत के अनुसार माइल्ड शैंपू का इस्तेमाल करें।
– डैंड्रफ या इंफेक्शन होने पर डॉक्टर की सलाह से शैंपू चुनें।
– कंघी और अन्य हेयर टूल्स को नियमित रूप से साफ करें।
– किसी दूसरे व्यक्ति की कंघी या हेयर टूल्स इस्तेमाल न करें।
– बाहर जाते समय बालों को बांधकर रखें और धूल से बचाने की कोशिश करें।
– भीगे हुए कपड़े या कैप लंबे समय तक न पहनें।
– तौलिया किसी दूसरे व्यक्ति के साथ शेयर न करें।
– तकिए के कवर को नियमित रूप से साफ करें और बदलते रहें।
– बहुत टाइट हेयरस्टाइल से बचें, क्योंकि लगातार खिंचाव और पसीने से स्कैल्प में जलन और खुजली हो सकती है।

डॉक्टर से कब संपर्क करें-

अगर स्कैल्प में लगातार खुजली, रेडनेस, जलन, पपड़ी, दर्द या छोटे-छोटे दाने हो रहे हैं, तो डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। स्कैल्प पर गोल आकार के पैच दिखाई देने पर भी विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है

यह भी पढ़े- आखिर PG के बच्चे ‘मकान माफिया’ के खौफ में करें तो क्या करें, भविष्य बनाएं या जीवन बचाएं?