Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के सप्ताहभर चलने वाले अंतिम संस्कार के बीच बड़ा बयान देते हुए ईरान पर तंज कसा है। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान को अंतिम संस्कार के लिए एक सप्ताह का समय इसलिए दिया क्योंकि “हम अच्छे हैं।” उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब ईरान में खामेनेई को अंतिम विदाई देने के लिए लाखों लोगों के जुटने की तैयारी है।
माउंट रशमोर से ट्रंप का हमला
अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता वर्ष समारोह के तहत साउथ डकोटा स्थित माउंट रशमोर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रंप ने हालिया अमेरिका-ईरान संघर्ष का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “हमने ईरान को पूरी तरह झकझोर दिया। अब वे समझौता करने के लिए बेताब हैं। हमने उन्हें अंतिम संस्कार के लिए एक हफ्ते की छुट्टी दी क्योंकि हम अच्छे हैं।” ट्रंप के इस बयान ने एक बार फिर दोनों देशों के बीच तनाव को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
Donald Trump: ईरान में शुरू हुआ सप्ताहभर का अंतिम संस्कार
उधर, ईरान में अयातुल्ला अली खामेनेई के सम्मान में राजकीय स्तर पर सप्ताहभर चलने वाले अंतिम संस्कार कार्यक्रम की शुरुआत हो चुकी है। ईरानी अधिकारियों के अनुसार अंतिम यात्रा और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों में देशभर से लाखों लोगों के शामिल होने की संभावना है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और राजधानी तेहरान सहित कई शहरों में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
28 फरवरी को हुई थी मौत
ईरानी प्रशासन के मुताबिक 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हवाई हमले में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इस हमले में उनके परिवार के कई सदस्य भी मारे गए थे, जिनमें उनकी बेटी, दामाद, नवासी और बहू शामिल बताए गए हैं। इस घटना के बाद पूरे पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर पहुंच गया था।
Donald Trump: युद्ध के चलते टला था अंतिम संस्कार
इस्लामी परंपरा के अनुसार किसी व्यक्ति को 24 घंटे के भीतर दफनाया जाता है, लेकिन युद्ध और सुरक्षा कारणों के चलते खामेनेई का अंतिम संस्कार टाल दिया गया था। पिछले महीने संघर्षविराम लागू होने के बाद ईरानी सरकार ने अंतिम संस्कार का कार्यक्रम तय किया। इसी बीच ट्रंप के ताजा बयान ने इस संवेदनशील मुद्दे को लेकर अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है।
ये भी पढ़े… यूपी चुनाव में चिराग पासवान का बड़ा दांव! विपक्ष के इस खास नैरेटिव पर करेंगे सीधा वार








