EPFO SWP Scheme: प्राइवेट सेक्टर में नौकरी करने वाले करोड़ों कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने रिटायरमेंट के बाद PF की जमा राशि निकालने के तरीके में बदलाव की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। EPFO की केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) की बैठक में सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके तहत कर्मचारी अपनी पूरी PF राशि एक साथ निकालने के बजाय तय अंतराल पर किस्तों में पैसा निकाल सकेंगे। इस व्यवस्था से रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को अपनी जमा पूंजी से नियमित आमदनी पाने का विकल्प मिल सकता है। खास बात यह है कि कर्मचारी की बाकी जमा रकम PF खाते में बनी रहेगी। इससे उन्हें अपनी जरूरत के मुताबिक लंबे समय तक पैसों का इस्तेमाल करने में मदद मिल सकती है।
EPFO SWP Scheme: क्या है EPFO का सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP)?
सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान यानी SWP एक ऐसी व्यवस्था है, जिसके तहत कर्मचारी रिटायरमेंट के बाद अपने PF खाते में जमा पूरी रकम एक साथ निकालने के बजाय किस्तों में निकाल सकेंगे। इसमें कर्मचारी अपनी जरूरत के हिसाब से निकासी का अंतराल चुन सकेंगे। इसे एक उदाहरण से समझते हैं। मान लीजिए किसी कर्मचारी के PF खाते में रिटायरमेंट के समय 30 लाख रुपये जमा हैं। मौजूदा व्यवस्था में वह पूरी रकम एक साथ निकाल सकता है। लेकिन SWP के तहत उसे हर महीने या तय अंतराल पर एक निश्चित रकम निकालने का विकल्प मिल सकता है। इस दौरान खाते में बची हुई रकम जमा रहेगी। इसका मकसद कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद नियमित आमदनी का विकल्प देना है, ताकि उन्हें अपनी पूरी बचत एक साथ खर्च न करनी पड़े।
EPFO SWP Scheme: अभी PF का पैसा निकालने का क्या नियम है?
मौजूदा नियमों के मुताबिक, रिटायरमेंट के बाद PF की पूरी रकम निकालना अनिवार्य नहीं है। हालांकि, 55 साल की उम्र के बाद नौकरी छोड़ने या रिटायर होने पर तीन साल तक खाते में रकम रहने पर उसे इनऑपरेटिव घोषित किया जा सकता है। ऐसे खाते पर ब्याज मिलना बंद हो सकता है। प्रस्तावित SWP व्यवस्था इस स्थिति में बदलाव ला सकती है। इसके तहत कर्मचारियों को अपनी पूरी जमा राशि एक बार में निकालने के बजाय किस्तों में निकासी का विकल्प मिल सकेगा। इससे रिटायरमेंट के बाद अपनी बचत का बेहतर तरीके से इस्तेमाल करना आसान हो सकता है।
PF खाताधारक की मृत्यु होने पर क्या होगा?
EPFO की प्रस्तावित SWP व्यवस्था में खाताधारक की मृत्यु होने की स्थिति को भी ध्यान में रखा गया है। अगर किसी सदस्य की किस्तों में पैसा मिलने के दौरान मृत्यु हो जाती है, तो उसके नॉमिनी या आश्रितों को दो विकल्प मिल सकते हैं।
– नॉमिनी खाते में बची हुई पूरी रकम एक साथ निकाल सकते हैं।
– वे चाहें तो पहले की तरह नियमित किस्तों में भुगतान जारी रखने का विकल्प चुन सकते हैं।
इस व्यवस्था का उद्देश्य खाताधारक की मृत्यु के बाद उसके परिवार को आर्थिक सुरक्षा देना है।
शुरुआत में 6.3 लाख कर्मचारियों को मिल सकता है फायदा
इस प्रस्ताव पर गुरुवार को EPFO के केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) की बैठक में चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने की। शुरुआती चरण में इस स्वैच्छिक योजना का लाभ मौजूदा EPFO सदस्यों को देने पर विचार किया जा सकता है। EPFO के अनुमान के मुताबिक, 55 साल से अधिक उम्र के करीब 6.3 लाख सदस्य शुरुआती चरण में इस सुविधा से लाभान्वित हो सकते हैं। हालांकि, SWP के तहत कितनी रकम निकाली जा सकेगी और निकासी का अंतराल क्या होगा, इसकी पूरी जानकारी अंतिम नियमों और दिशा-निर्देशों के बाद ही स्पष्ट होगी।
रिटायरमेंट के बाद PF बनेगा नियमित आमदनी का जरिया
EPFO की प्रस्तावित SWP व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों की वित्तीय सुरक्षा को मजबूत करना है। अभी तक ज्यादातर कर्मचारी रिटायरमेंट के बाद अपनी PF की जमा राशि एकमुश्त निकालने का विकल्प चुनते रहे हैं। लेकिन नई व्यवस्था लागू होने पर कर्मचारी अपनी जरूरत के अनुसार हर महीने या तय अंतराल पर पैसा निकाल सकेंगे। इससे उन्हें अपनी जमा पूंजी को लंबे समय तक इस्तेमाल करने और रिटायरमेंट के बाद नियमित खर्चों की योजना बनाने में मदद मिल सकती है।
यह भी पढ़े- कल का मौसम: दिल्ली-UP में कोहरा और ठंड, 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट








