Fake Ghee: खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने दिल्ली और हरियाणा में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह हजार पांच सौ लीटर से अधिक मिलावटी घी और उससे जुड़ा कच्चा माल जब्त किया है। अधिकारियों ने बताया कि यह घी बाजार में बिक्री के लिए तैयार था, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया गया।
दिल्ली और सोनीपत में पड़े छापे
प्राधिकरण की टीम ने दिल्ली के द्वारका क्षेत्र और हरियाणा के सोनीपत में स्थित दो इकाइयों पर छापेमारी की। दिल्ली में कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में मिलावटी घी और संदिग्ध तेल बरामद किया गया। वहीं सोनीपत स्थित एक इकाई से चार हजार लीटर से अधिक पैक किया हुआ नकली घी जब्त किया गया। दोनों स्थानों पर बरामद सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Fake Ghee: गुप्त जांच से खुला मिलावट का खेल
मामले की जांच उस समय शुरू हुई जब अधिकारियों को घी के कुछ विज्ञापनों में आवश्यक लाइसेंस और लेबल संबंधी जानकारी नहीं मिली। इसके बाद जांच एजेंसियों ने गुप्त अभियान चलाया। अधिकारियों ने ग्राहक बनकर उत्पादों के नमूने प्राप्त किए और उन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा। जांच में सामने आया कि घी के नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे।
जांच में सामने आई गंभीर अनियमितताएं
प्रयोगशाला की रिपोर्ट में पाया गया कि घी में वनस्पति तेल और अन्य गैर-दुग्ध पदार्थों की मिलावट की गई थी। इसके आधार पर अधिकारियों ने पूरे अवैध नेटवर्क की पहचान की और विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में तैयार माल और कच्ची सामग्री जब्त की। जांच में यह भी पता चला कि यह नेटवर्क कई क्षेत्रों में मिलावटी घी की आपूर्ति कर रहा था।
Fake Ghee: दोषियों के खिलाफ दर्ज की गई कार्रवाई
जब्त किए गए सभी उत्पादों को नियामकीय निगरानी में सुरक्षित रखा गया है। संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले तत्वों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
ये भी पढ़ें…संघ कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंका, हवालात से भागा, मुठभेड़ के बाद फिर गिरफ्तार








