Breaking News
Home » राष्ट्रीय » पैकेट में बिकने वाले खाने पर लगेंगे लाल चेतावनी वाले निशान, सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को दिए निर्देश

पैकेट में बिकने वाले खाने पर लगेंगे लाल चेतावनी वाले निशान, सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को दिए निर्देश

खाने के पैकेट पर दिखेंगे फैट-शुगर के निशान
खाने के पैकेट पर दिखेंगे फैट-शुगर के निशान

Food Warning Labels: सुप्रीम कोर्ट ने पैकेट में मिलने वाले खाद्य पदार्थों की पैकिंग और लेबलिंग को लेकर अहम निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा है कि जिन खाद्य पदार्थों में फैट, चीनी या नमक की मात्रा तय सीमा से अधिक होगी, उनके पैकेट के सामने अलग-अलग लाल रंग के चेतावनी वाले निशान लगाने होंगे। इससे ग्राहक आसानी से समझ सकेंगे कि किसी उत्पाद में कौन-सा तत्व जरूरत से ज्यादा मौजूद है और वह उनकी सेहत के लिए कितना नुकसानदायक हो सकता है।जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को इन निर्देशों को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए कहा है।

Food Warning Labels: फैट, चीनी और नमक के लिए होंगे अलग-अलग निशान

सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि हर चेतावनी के लिए लाल रंग का षटकोण यानी छह कोनों वाला निशान इस्तेमाल किया जाए। इस निशान पर संबंधित जानकारी और तस्वीर भी होनी चाहिए। उदाहरण के तौर पर हाई फैट, हाई शुगर और हाई सॉल्ट लिखा जा सकता है।

कोर्ट के मुताबिक, अगर किसी खाद्य पदार्थ में फैट, चीनी और नमक तीनों की मात्रा तय सीमा से अधिक है, तो उसके पैकेट पर तीनों के लिए अलग-अलग चेतावनी वाले निशान लगाने होंगे। इन सभी जानकारियों को एक ही निशान में दिखाना पर्याप्त नहीं होगा।

FSSAI वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर तय करे सीमा

सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को निर्देश दिया कि खाद्य पदार्थों में कुल चीनी (टोटल शुगर) और सैचुरेटेड फैट की मात्रा को ध्यान में रखते हुए चेतावनी जारी करने की सीमा तय की जाए। इसका मतलब है कि सिर्फ ऊपर से मिलाई गई चीनी या फैट को ही इसका आधार नहीं बनाया जाना चाहिए।

कोर्ट ने कहा कि चेतावनी की सीमा निर्धारित करते समय वैज्ञानिक तथ्यों और शोध को महत्व दिया जाए। अगर यह सीमा बहुत कम रखी गई, तो लगभग हर पैकेट पर चेतावनी लगानी पड़ेगी। ऐसी स्थिति में ग्राहक इन निशानों को गंभीरता से लेना बंद कर सकते हैं।

वहीं, अगर सीमा बहुत ज्यादा तय कर दी गई, तो ऐसे कई खाद्य उत्पाद भी चेतावनी से बच सकते हैं, जिनमें नुकसानदायक तत्वों की मात्रा अधिक है। इसलिए दोनों स्थितियों को ध्यान में रखकर सही सीमा निर्धारित करना जरूरी है।

Food Warning Labels: हाई फैट और शुगर वाले खाने पर होगी चेतावनी
हाई फैट और शुगर वाले खाने पर होगी चेतावनी
Food Warning Labels: पैकेट के सामने 4 से 5 फीसदी जगह पर होगा निशान

सुप्रीम कोर्ट ने चेतावनी वाले निशानों के आकार को लेकर भी निर्देश दिए हैं। कोर्ट के अनुसार, हर लाल निशान का आकार पैकेट के सामने वाले मुख्य हिस्से का लगभग 4 से 5 फीसदी होना चाहिए। इससे ग्राहकों को खरीदारी के समय चेतावनी आसानी से दिखाई देगी।

इसके साथ ही निशान के अंदर लिखे शब्दों का आकार भी पर्याप्त होना चाहिए, ताकि सामान्य रोशनी में उन्हें आसानी से पढ़ा जा सके।कोर्ट ने केंद्र सरकार को साल 2020 के खाद्य सुरक्षा और लेबलिंग से जुड़े नियमों को भी प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं।

आपको बता दें कि इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने यमुना के पानी की गुणवत्ता खराब होने के मामले में लापरवाही बरतने वाले राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और संबंधित जिलों पर जुर्माना लगाने की चेतावनी दी थी।

बच्चों को पौष्टिक खाने के बारे में जागरूक करने पर जोर

सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों में स्वस्थ खानपान की आदतें विकसित करने की जरूरत पर भी जोर दिया। कोर्ट ने कहा कि स्कूलों के पाठ्यक्रम में जरूरी बदलाव किए जाने चाहिए, ताकि बच्चों को पौष्टिक भोजन के बारे में जानकारी मिल सके।

कोर्ट का मानना है कि बच्चों को सिर्फ किताबों के जरिए ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से भी सही खानपान के बारे में समझाया जाना चाहिए। इसके लिए स्कूलों में वर्कशॉप, अलग-अलग गतिविधियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं।इन प्रयासों से बच्चे समझ पाएंगे कि कौन-से खाद्य पदार्थ उनकी सेहत के लिए अच्छे हैं और किन चीजों का सेवन करने से बचना चाहिए।

Food Warning Labels: 10 हफ्ते बाद फिर होगी मामले की सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI से नए नियमों का मसौदा (ड्राफ्ट) तैयार करने की दिशा में हुई प्रगति की जानकारी मांगी है। कोर्ट ने मामले को 10 हफ्ते बाद दोबारा सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है।FSSAI को अगली सुनवाई से पहले इस संबंध में अपनी रिपोर्ट और हलफनामा सुप्रीम कोर्ट में दाखिल करना होगा।