Breaking News
Home » राजनीति » सौरव दास ने पासपोर्ट डिटेल लीक करने का लगाया आरोप, BJP से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स पर साधा निशाना

सौरव दास ने पासपोर्ट डिटेल लीक करने का लगाया आरोप, BJP से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स पर साधा निशाना

Sourav Das Passport Leak:

Sourav Das Passport Leak: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास ने आरोप लगाया है कि बीजेपी से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स ने उनके पासपोर्ट की निजी जानकारी ऑनलाइन लीक की है। उन्होंने इसे टारगेटेड हैरासमेंट बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब लंदन जाने से रोके जाने को लेकर दास और सरकार के बीच विवाद चल रहा है।

Sourav Das Passport Leak: सोशल मीडिया पर पासपोर्ट की जानकारी लीक करने का आरोप

सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए दावा किया कि उन्हें डराने और परेशान करने के लिए उनकी निजी जानकारी बार-बार ऑनलाइन साझा की जा रही है। उन्होंने पासपोर्ट की डिटेल लीक होने को लेकर विदेश मंत्रालय (MEA) से भी सवाल पूछे। दास ने पूछा कि क्या अब इस तरह किसी व्यक्ति की निजी जानकारी सार्वजनिक करना आम बात हो गई है? उन्होंने कहा कि वह इन सभी घटनाओं का रिकॉर्ड रख रहे हैं और पासपोर्ट की जानकारी साझा करने वाले प्रत्येक सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ संबंधित अधिकारियों के पास आपराधिक शिकायत दर्ज कराएंगे।

Sourav Das Passport Leak: घर का पता और परिवार की जानकारी भी लीक करने का दावा

CJP नेता ने आरोप लगाया कि इससे पहले दिल्ली में उनके घर का पता भी ऑनलाइन साझा किया गया था। इसके बाद कुछ यूट्यूबर्स उनकी गैर-मौजूदगी में उनके घर के अंदर घुस गए थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि सोशल मीडिया पर उनके परिवार को लेकर भ्रामक जानकारी फैलाई गई और उनकी एक एडिटेड तस्वीर भी साझा की गई। दास ने इन घटनाओं को उनके खिलाफ चलाए जा रहे कथित ऑनलाइन उत्पीड़न का हिस्सा बताया।

आखिर सौरव दास को लंदन जाने से क्यों रोका गया?

यह पूरा विवाद 24 नवंबर को शुरू हुआ था, जब सौरव दास ने दावा किया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया। उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनियन के एक कार्यक्रम में शामिल होना था। इसके अलावा उन्हें कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और एडिनबर्ग से भी निमंत्रण मिले थे। 25 नवंबर को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि चेन्नई के रीजनल पासपोर्ट ऑफिस ने 23 नवंबर को सौरव दास को शो-कॉज नोटिस जारी किया था। यह नोटिस उनके पासपोर्ट में दर्ज जन्मस्थान को लेकर सामने आई विसंगतियों के संबंध में था। दास को इन विसंगतियों पर जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया गया था। साथ ही, उन्हें सलाह दी गई थी कि जब तक मामला स्पष्ट नहीं हो जाता, तब तक वे अपने पासपोर्ट का इस्तेमाल न करें।

सौरव दास ने दिल्ली हाई कोर्ट में दी चुनौती

लंदन यात्रा पर रोक लगाए जाने के मामले में सौरव दास ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उनके वकील ने अदालत में दलील दी कि इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें बिना कोई लिखित आदेश दिखाए और बिना लुकआउट सर्कुलर (LOC) की जानकारी दिए विदेश यात्रा करने से रोक दिया। वहीं, CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी इस कार्रवाई की आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस बात से असहज है कि सौरव दास को ऑक्सफोर्ड यूनियन के कार्यक्रम में बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था।

यह भी पढ़े- पैकेट में बिकने वाले खाने पर लगेंगे लाल चेतावनी वाले निशान, सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को दिए निर्देश