Home » अंतर्राष्ट्रीय » स्लोवाकिया में भारत का बड़ा आर्थिक दांव! पीएम मोदी करेंगे दिग्गज CEOs से मुलाकात

स्लोवाकिया में भारत का बड़ा आर्थिक दांव! पीएम मोदी करेंगे दिग्गज CEOs से मुलाकात

G7 SUMMIT: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को स्लोवाकिया की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा पर रवाना होंगे। 1993 में स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा होगी, जिसे दोनों देशों के संबंधों में नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है।

पीएम फिको और राष्ट्रपति पेलेग्रिनी से करेंगे मुलाकात

यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको (Robert Fico) के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। इसके अलावा वे स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी से भी मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, ऑटोमोबाइल निर्माण, रेलवे अवसंरचना और तकनीकी सहयोग को लेकर व्यापक चर्चा होने की संभावना है।

G7 SUMMIT: बड़ी कंपनियों के सीईओ से भी होगी बातचीत

स्लोवाकिया में भारत की राजदूत अपूर्व श्रीवास्तव के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान स्लोवाकिया की प्रमुख कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (CEO) से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने बताया कि कई स्लोवाक कंपनियां पहले से भारत में निवेश कर रही हैं और हाल के वर्षों में कई बड़े कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भारत का दौरा कर चुके हैं। यह मुलाकात दोनों देशों के बीच निवेश और औद्योगिक साझेदारी को नई गति दे सकती है।

भारत-स्लोवाकिया संबंधों को मिलेगी नई मजबूती

विदेश मंत्रालय के मुताबिक यह यात्रा दोनों देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम साबित होगी।राजदूत अपूर्वा श्रीवास्तव ने कहा कि यह केवल एक कूटनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि आर्थिक सुरक्षा, व्यापार और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।

G7 SUMMIT: इंडो-पैसिफिक रणनीति में भारत को अहम मानता है स्लोवाकिया

स्लोवाकिया ने दिसंबर 2025 में अपनी इंडो-पैसिफिक रणनीति लॉन्च की थी, जिसमें भारत को महत्वपूर्ण साझेदार के रूप में देखा गया है। रणनीति के तहत व्यापार, प्रौद्योगिकी और राजनीतिक संबंधों को विस्तार देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

राष्ट्रपति पेलेग्रिनी ने किया स्वागत

यात्रा से पहले राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि यह दौरा दोनों देशों के बीच सहयोग के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा।

G7 SUMMIT: जी-7 शिखर सम्मेलन और पेरिस दौरा भी कार्यक्रम में शामिल

स्लोवाकिया यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के एवियां में आयोजित जी7 समिट में भाग लेंगे, जहां वे जी-7 देशों, साझेदार राष्ट्रों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद 18 जून को वे पेरिस पहुंचेंगे और यूरोप के सबसे बड़े स्टार्टअप एवं प्रौद्योगिकी आयोजन विवाटेक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के साथ कई द्विपक्षीय बैठकों में भी शामिल होंगे। भारतीय समुदाय को संबोधित करने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

ये भी पढ़े… जोरहाट विमान हादसे में अलीगढ़ का वीर सपूत शहीद, जिस घर में बजनी थीं शहनाइयां वहां पसरा मातम