Ganga Expressway Launch: उत्तर प्रदेश में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठने जा रहा है। लंबे समय से चर्चा में रहा गंगा एक्सप्रेसवे अब लगभग तैयार है और 29 अप्रैल को इसका उद्घाटन प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरदोई जिले से इस मेगा प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेंगे। यह एक्सप्रेसवे न सिर्फ यात्रा को आसान बनाएगा, बल्कि राज्य के आर्थिक विकास को भी गति देगा।
स्पीड लिमिट और कम होगा सफर का समय
गंगा एक्सप्रेसवे को हाई-स्पीड यात्रा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इस पर कारों के लिए अधिकतम स्पीड लिमिट 120 किमी प्रति घंटा तय की गई है।जहां अभी मेरठ से प्रयागराज पहुंचने में 10 से 12 घंटे लग जाते हैं, वहीं इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद यही दूरी करीब 6 से 7 घंटे में पूरी की जा सकेगी। फिलहाल यह 6-लेन एक्सप्रेसवे है, जिसे भविष्य में 8-लेन तक बढ़ाने की योजना भी रखी गई है।

टोल कितना देना होगा?
इस एक्सप्रेसवे पर यात्रा के लिए टोल दूरी के हिसाब से तय किया गया है।
निजी कार/जीप: मेरठ से प्रयागराज तक लगभग ₹1,515 (करीब ₹2.55 प्रति किमी)
हल्के कमर्शियल वाहन: लगभग ₹4.05 प्रति किमी
बस और ट्रक: एक तरफ के सफर के लिए ₹4800 तक
पूरे एक्सप्रेसवे पर कुल 14 टोल प्लाजा होंगे। मेरठ और प्रयागराज में मुख्य टोल प्लाजा बनाए गए हैं, जबकि बाकी 12 रैंप टोल एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर होंगे।
Ganga Expressway Launch: किन जिलों को मिलेगा फायदा?
गंगा एक्सप्रेसवे पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश को सीधे जोड़ने का काम करेगा। यह 12 जिलों और करीब 519 गांवों से होकर गुजरेगा। इससे मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज जैसे जिलों को सीधा लाभ मिलेगा।
आधुनिक सुविधाएं और सुरक्षा इंतजाम
एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का खास ध्यान रखा गया है। सेंसर आधारित टोल सिस्टम, जिससे दूरी के हिसाब से अपने आप टोल कटेगा। शाहजहांपुर के पास 3.5 किमी लंबी एयर स्ट्रिप, जहां आपात स्थिति में वायुसेना के विमान उतर सकेंगे, रास्ते में 9 जनसुविधा केंद्र, जहां पेट्रोल पंप, फूड कोर्ट और रेस्ट एरिया उपलब्ध होंगे।
क्यों खास है गंगा एक्सप्रेसवे?
यह सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के विकास की नई पहचान बनने जा रहा है। इससे व्यापार, पर्यटन और कनेक्टिविटी, तीनों को बड़ा फायदा मिलेगा।
Written by- Kanishka Ram
ये भी पढ़े…लखनऊ और राजस्थान के बीच इकाना स्टेडियम में अहम मुकाबला, जानिए हेड टू हेड रिकॉर्ड








