Home » उत्तर प्रदेश » Ghaziabad News: स्विमिंग पूल से लौट रहे 17 वर्षीय छात्र की रोडरेज में हत्या, मामूली टक्कर के बाद कार सवारों ने पीट-पीटकर ले ली जान

Ghaziabad News: स्विमिंग पूल से लौट रहे 17 वर्षीय छात्र की रोडरेज में हत्या, मामूली टक्कर के बाद कार सवारों ने पीट-पीटकर ले ली जान

Ghaziabad News: स्विमिंग पूल से लौट रहे 17 वर्षीय छात्र की रोडरेज में हत्या, मामूली टक्कर के बाद कार सवारों ने पीट-पीटकर ले ली जान
Ghaziabad News: गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में रोडरेज की एक मामूली घटना ने भयावह रूप ले लिया। स्विमिंग पूल से दोस्तों के साथ घर लौट रहे 17 वर्षीय छात्र की कथित तौर पर कार सवार युवकों ने बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बाइक और कार की हल्की टक्कर बनी विवाद की वजह

जानकारी के अनुसार, दिल्ली के मुस्तफाबाद कॉलोनी निवासी 17 वर्षीय किशोर अपने दोस्तों इब्राहिम और नदीम के साथ स्विमिंग पूल में नहाने गया था। लौटते समय लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बांधला नहर रोड पर उसकी बाइक की एक कार से हल्की टक्कर हो गई। मामूली टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, कार सवार युवकों ने पहले सड़क पर ही छात्र की बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद आरोप है कि वे उसे जबरन अपनी कार में बैठाकर पास स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में ले गए, जहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई।

Ghaziabad News: दोस्तों ने किया पीछा, ऑफिस में बेसुध मिला किशोर

घटना के दौरान छात्र के दोनों दोस्तों ने कार का पीछा किया और प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय तक पहुंच गए। वहां पहुंचने पर आरोपी युवक किशोर को बेसुध हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। दोस्तों ने किसी तरह उसे वहां से निकालकर उसके घर पहुंचाया, जिसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल लेकर गए।जीटीबी अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने घटना की शिकायत पुलिस से की, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Ghaziabad News: आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाइक और कार की हल्की टक्कर के बाद विवाद हुआ था, जिसके बाद कार सवार युवकों ने किशोर की पिटाई की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।ग्रामीण क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक नाबालिग की बाइक और कार में हल्की टक्कर के बाद विवाद हुआ, जिसके बाद कार सवार युवकों ने उसकी पिटाई कर दी। घायल किशोर को उसके साथियों द्वारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े…. रामपुर में सीएम योगी ने खोला सौगातों का पिटारा, ₹690 करोड़ की परियोजनाओं के साथ बच्चों को मिलेंगे लैपटॉप, युवाओं को चेक