Rampur Development Projects: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामपुर जिले को विकास की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। जिले में 690 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं के जरिए सड़क, शिक्षा, पेयजल, तकनीकी संस्थानों और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। सरकार का कहना है कि इन योजनाओं का उद्देश्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और युवाओं को शिक्षा व रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
मेधावी छात्रों का होगा सम्मान, जरूरतमंद बच्चों को मिलेंगे लैपटॉप
रामपुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मानित करेंगे। उन्हें प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर उनकी उपलब्धियों का सम्मान किया जाएगा।इसके साथ ही मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत जरूरतमंद बच्चों को लैपटॉप वितरित किए जाएंगे, ताकि आर्थिक अभाव उनकी पढ़ाई में बाधा न बने और वे आधुनिक तकनीक के माध्यम से अपनी शिक्षा को आगे बढ़ा सकें।
Rampur Development Projects: युवाओं को मिलेगा कारोबार शुरू करने का अवसर
सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर भी विशेष जोर दे रही है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत नए व्यवसाय और स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं को आर्थिक सहायता के रूप में चेक वितरित किए जाएंगे। वहीं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को भी अनुदान राशि प्रदान की जाएगी, जिससे संकट की घड़ी में उन्हें आर्थिक संबल मिल सके।
Rampur Development Projects: सड़क और तकनीकी शिक्षा को मिलेगी नई रफ्तार
रामपुर के मिलक क्षेत्र में 78 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से भमौरा-शाहबाद-बिलारी मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया गया है। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन पहले की तुलना में अधिक आसान और सुरक्षित होगा।वहीं बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रहसैना में 18 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित नवीन राजकीय पॉलीटेक्निक भवन का भी लोकार्पण किया जाएगा। यह संस्थान स्थानीय युवाओं को तकनीकी शिक्षा प्रदान करेगा और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पेयजल योजना और नए पुल से बदलेगी ग्रामीण तस्वीर
सरकार रामपुर के ग्रामीण इलाकों में पेयजल और संपर्क व्यवस्था को भी मजबूत बनाने पर काम कर रही है। मिलक की शाहबाद नगर पंचायत में लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से नई पेयजल योजना की आधारशिला रखी जाएगी, जिससे हजारों लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल सकेगी।इसके अलावा बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र में पीलाखार नदी पर करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से नए पुल, पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्यों की शुरुआत होगी। इस परियोजना के पूरा होने के बाद आसपास के कई गांवों की आवाजाही आसान होगी और बारिश के मौसम में लोगों को होने वाली दिक्कतों से राहत मिलेगी।राज्य सरकार का कहना है कि विकास तभी सार्थक माना जाएगा, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। रामपुर के शाहबाद स्थित शिवा शुगर मिल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए सरकार शिक्षा, रोजगार, आधारभूत ढांचे और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को नई गति देने का प्रयास कर रही है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से रामपुर में विकास की रफ्तार तेज होगी, युवाओं को नए अवसर मिलेंगे और आम लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
ये भी पढ़े….. सीएम योगी का बड़ा एक्शन सड़क खोदकर छोड़ने वाले ठेकेदारों पर होगी FIR, बिजली चोर और लापरवाह अफसर भी रडार पर








