Goa Bill News: गोवा की प्रमोद सावंत सरकार ने विधानसभा के मॉनसून सत्र में प्रस्तावित ‘गोवा गैर-कानूनी धर्म-परिवर्तन निषेध विधेयक, 2026’ पेश करने का फैसला फिलहाल रोक दिया है। बिल को कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद विधानसभा की कार्यसूची में शामिल किया गया था, लेकिन सत्र शुरू होने से ठीक पहले मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बीजेपी विधायकों के साथ बैठक की। इसके बाद बिल को कार्यसूची से हटा दिया गया। लेकिन सवाल यह है कि जिस विधेयक को सरकार विधानसभा में लाने की तैयारी कर चुकी थी, उसे अचानक रोकने की जरूरत क्यों पड़ी? इसके पीछे सिर्फ विपक्ष का विरोध नहीं, बल्कि सत्तारूढ़ खेमे के भीतर उठी आपत्तियां, ईसाई संगठनों की चिंता और गोवा में ऐसे कानून की जरूरत पर उठे सवाल भी अहम रहे।
सवाल 1: आखिर सरकार कौन-सा कानून लाने वाली थी?
प्रस्तावित कानून का उद्देश्य जबरदस्ती, दबाव, अनुचित प्रभाव, प्रलोभन, धोखाधड़ी या विवाह के माध्यम से किए जाने वाले कथित गैर-कानूनी धर्मांतरण पर रोक लगाना था।प्रस्तावित कानून में गंभीर मामलों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान रखा गया था। रिपोर्टों के अनुसार इसमें आजीवन कारावास तक की सजा, न्यूनतम 50 हजार रुपये का जुर्माना और पीड़ित को 5 लाख रुपये तक मुआवजे का प्रावधान प्रस्तावित था। अगर किसी विवाह को केवल गैर-कानूनी धर्मांतरण के उद्देश्य से किया गया पाया जाता, तो उसे अमान्य घोषित करने का प्रावधान भी प्रस्तावित था। यानी यह महज प्रशासनिक नियमों वाला कानून नहीं था, बल्कि इसके तहत गंभीर आपराधिक कार्रवाई का रास्ता खुलता।
Goa Bill News: सवाल 2: फिर बीजेपी सरकार को पीछे क्यों हटना पड़ा?
सबसे बड़ा कारण सामने आया राजनीतिक और सामाजिक विरोध। विधेयक का विरोध केवल कांग्रेस या आम आदमी पार्टी जैसे विपक्षी दलों तक सीमित नहीं रहा। बीजेपी के कुछ विधायकों और सरकार समर्थक निर्दलीय विधायक एलेक्सियो रेजिनाल्डो लॉरेंसो ने भी इसके औचित्य और जल्दबाजी पर सवाल उठाए। लॉरेंसो ने साफ कहा कि अगर बिल सदन में लाया जाता तो वह इसका विरोध करते। उनका तर्क था कि गोवा में जबरन धर्मांतरण की व्यापक समस्या का सरकारी आंकड़ों से समर्थन नहीं मिलता। यही वजह है कि बिल पर फैसला सिर्फ विपक्ष बनाम सरकार का मुद्दा नहीं रह गया, बल्कि सत्तारूढ़ खेमे के अंदर भी मतभेद का विषय बन गया।
सवाल 3: क्या गोवा में धर्मांतरण के मामले बिल्कुल नहीं हैं?
यहां आंकड़ों को समझना जरूरी है। विधानसभा में पहले पेश किए गए सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 2021 से 2025 के बीच गोवा में अवैध धर्मांतरण या उसके प्रयास के चार मामले दर्ज हुए थे – 2022 और 2023 में दो-दो मामले। 2021, 2024 और 2025 में ऐसे मामले दर्ज नहीं हुए थे।
यही आंकड़ा बिल के आलोचकों के लिए महत्वपूर्ण बन गया। उनका सवाल है कि जब बड़े पैमाने पर जबरन धर्मांतरण के मामले सामने नहीं आए हैं, तो इतनी कड़ी सजा वाला अलग कानून बनाने की आवश्यकता क्या है? हालांकि सरकार समर्थक पक्ष का तर्क अलग है- उसका उद्देश्य यह है कि यदि जबरदस्ती, धोखाधड़ी या किसी अन्य अनुचित तरीके से धर्मांतरण कराया जाता है तो उसके खिलाफ स्पष्ट और कठोर कानूनी व्यवस्था हो।
Goa Bill News: सवाल 4: कैथोलिक चर्च और नागरिक संगठनों को किस बात की चिंता थी?
गोवा में इस विधेयक को लेकर ईसाई संगठनों और चर्च से जुड़े समूहों ने भी आपत्ति जताई। उनका कहना था कि वे जबरन या धोखाधड़ी से होने वाले धर्मांतरण का समर्थन नहीं करते, लेकिन इसके लिए अलग कानून की जरूरत पर सवाल है क्योंकि ऐसे कृत्यों के खिलाफ मौजूदा आपराधिक कानूनों के तहत कार्रवाई संभव है। आलोचकों को यह भी आशंका थी कि कानून की कुछ व्यापक धाराओं का इस्तेमाल निजी धार्मिक गतिविधियों या सहमति से धर्म परिवर्तन के मामलों में किया जा सकता है। इसी कारण मामला केवल कानून-व्यवस्था से निकलकर धार्मिक स्वतंत्रता और सामाजिक सद्भाव के सवाल से जुड़ गया।

सवाल 5: क्या बीजेपी विधायकों के विरोध ने सरकार की रणनीति बदल दी?
यही इस पूरे घटनाक्रम का सबसे अहम राजनीतिक पहलू है। विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बीजेपी विधायकों के साथ बैठक की। बैठक के बाद सरकार ने बिल को मौजूदा सत्र की कार्यसूची से हटा दिया। बीजेपी विधायक माइकल लोबो और डेलिला लोबो समेत अन्य नेताओं की आपत्तियां सामने आई थीं।
माइकल लोबो का कहना था कि सरकार ने विधेयक को कैबिनेट से मंजूरी दिलाने में जल्दबाजी की और पहले इसके प्रावधानों तथा सभी हितधारकों की राय पर विचार किया जाना चाहिए। इसका मतलब यह है कि सरकार ने फिलहाल कानून को स्थायी रूप से खत्म करने के बजाय विधानसभा में पेश करने से कदम पीछे खींचे हैं। आगे सरकार इस पर दोबारा विचार करती है या नहीं, यह भविष्य के फैसले पर निर्भर करेगा।
Goa Bill News: गोवा में यह मुद्दा इतना संवेदनशील क्यों है?
गोवा की राजनीति में धार्मिक और सामुदायिक समीकरण महत्वपूर्ण हैं। राज्य में ईसाई समुदाय की बड़ी आबादी है और कई विधानसभा क्षेत्रों में उसका राजनीतिक प्रभाव भी माना जाता है। ऐसे में धर्मांतरण जैसा संवेदनशील मुद्दा चुनावी राजनीति से भी जुड़ सकता है। खासकर जब राज्य में 2027 के विधानसभा चुनाव नजदीक हैं, तब सरकार के सामने दोहरी चुनौती है एक तरफ जबरन या धोखाधड़ी वाले धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कानून का संदेश देना और दूसरी तरफ किसी समुदाय में असुरक्षा या सामाजिक तनाव की धारणा पैदा न होने देना।
गोवा सरकार का धर्मांतरण-रोधी विधेयक फिलहाल कानूनी से ज्यादा राजनीतिक और सामाजिक सवालों के कारण अटक गया है। विपक्ष, चर्च और नागरिक संगठनों का विरोध तो था ही, लेकिन असली दबाव तब बढ़ा जब सत्तारूढ़ खेमे के भीतर से भी विधेयक की जरूरत, जल्दबाजी और संभावित प्रभाव को लेकर आवाजें उठीं। इसलिए फिलहाल इसे सरकार की रणनीतिक वापसी कहना ज्यादा उचित होगा। बिल विधानसभा में पेश नहीं हुआ है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि गोवा में धर्मांतरण-रोधी कानून का विचार हमेशा के लिए खत्म हो गया। अब निगाह इस बात पर होगी कि सरकार आगे इसमें बदलाव करती है, व्यापक सलाह-मशविरा करती है या इसे पूरी तरह ठंडे बस्ते में डाल देती है।
ये भी पढ़े… सहारनपुर मस्जिद पर बुलडोजर कार्रवाई, मायावती बोलीं- ‘यह ठीक नहीं’; सरकार से रोक लगाने की मांग








