Himachal Rain Alert: हिमाचल प्रदेश में मानसून के सक्रिय होते ही जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। लगातार बारिश और भूस्खलन के चलते प्रदेश में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। शिमला, कांगड़ा, लाहुल-स्पीति और चंबा जिलों में अलग-अलग हादसों में चार लोगों की जान गई है। वहीं 49 सड़कें बंद हैं और 42 ट्रांसफॉर्मर खराब होने से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित है।
Himachal Rain Alert: लाहुल-स्पीति में HRTC परिचालक की मौत-
लाहुल-स्पीति के उदयपुर-मयाड़ घाटी मार्ग पर एचआरटीसी के परिचालक ज्ञान सिंह की पहाड़ी से पत्थर गिरने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह सड़क किनारे ब्रश कर रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Himachal Rain Alert: करंट और हादसों में गई कई जानें-
शिमला के रामपुर में एक 60 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, रास्ते में गिरी तार में बिजली प्रवाहित होने की आशंका है। कांगड़ा के देहरा में टुल्लू पंप लगाते समय एक प्लंबर की करंट लगने से मौत हो गई। वहीं चंबा जिले के अगाहर गांव में पैर फिसलने से एक महिला की जान चली गई।
भूस्खलन और बाढ़ से सड़कें बंद-
चंबा के भरमौर क्षेत्र में भारी बारिश के कारण सियूंर नाले में बाढ़ आने से सड़क का करीब 60 फीट हिस्सा बह गया, जिससे होली-सियूंर-ग्रीमा मार्ग पर यातायात ठप हो गया। चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग भी भूस्खलन के कारण करीब चार घंटे तक बंद रहा। बिलासपुर में भी कई सड़कें जलमग्न हो गईं और यातायात प्रभावित रहा।
अब तक 9 लोगों की मौत-
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, मानसून शुरू होने के बाद अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें चार लोगों की गिरने, एक की डूबने, एक की करंट लगने और तीन लोगों की अन्य कारणों से मौत हुई है। इसके अलावा सात कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंचा है।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट-
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने कांगड़ा और मंडी जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं कुल्लू, शिमला, सिरमौर और ऊना जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
यह भी पढ़े- उत्तर प्रदेश: एटा में खड़ी रोडवेज बस से तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर, 4 यात्रियों की मौत








