Hotel Key Card: आजकल ज्यादातर होटल में चाभी देने के बजाय की कार्ड दिया जाता है। कार्ड तो सिर्फ कमरा खोलने का काम ही नहीं करता, बल्कि बिजली बचाने और सेफ्टी के लिए भी काम आता है।होटलों का मिज़ाज भी बड़ा बदल सा गया है। सुविधाएँ तो बदली ही हैं, साथ में कमरे में घुसने का तरीका भी बदल गया है।
अगर आपने कभी किसी होटल में स्टे किया है तो गौर किया होगा कि अब पुराने ज़माने की भारी-भरकम चाबियाँ लगभग गायब हो चुकी हैं। उनकी जगह हाथ में थमा दिया जाता है एक छोटा-सा प्लास्टिक का कार्ड। बस दरवाज़े के लॉक के पास छुआया और ‘बीप’ की आवाज़ के साथ कमरा हाज़िर! पर कभी रुककर सोचा है कि आख़िर यह बदलाव आया क्यों? क्या यह सिर्फ़ एक दिखावा है या इसके पीछे सचमुच आपकी सुरक्षा और सहूलियत का कोई बड़ा खेल छुपा है? चलिए, आज इसी बात पर ज़रा तसल्ली से चर्चा करते हैं कि आख़िर चाबियों को अलविदा कहकर हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री ने इस प्लास्टिक कार्ड को इतना सिर-आँखों पर क्यों बिठाया।
की कार्ड रखने की वजह
मेटल की चाबियाँ अगर खो जाएँ तो पूरा लॉक बदलना पड़ता था। ऐसा कार्ड में नहीं होता, क्योंकि अगर की कार्ड खो जाए तो इसे तुरंत डीएक्टिवेट किया जा सकता है। इसके बाद आपको पूरा लॉक बदलवाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
कैसे काम करता है यह की कार्ड?
होटल का की कार्ड एक इलेक्ट्रॉनिक लॉकिंग सिस्टम के साथ काम करता है। जब कार्ड को दरवाज़े के लॉक के पास लगाया जाता है तो लॉक कार्ड में मौजूद जानकारी को पढ़ता है। अगर कार्ड को उस कमरे के लिए सेट किया गया है तो लॉक खुल जाएगा।
आख़िर चेक-आउट के बाद कार्ड का क्या होता है?
जब कोई होटल से चेक-आउट करता है तो उसके की कार्ड का कनेक्शन रूम से डीएक्टिवेट कर दिया जाता है। जिसके बाद, वही कार्ड उस कमरे का दरवाज़ा खोलने के लिए काम नहीं करता। यही वजह है कि होटल में अलग-अलग मेहमानों के लिए एक्सेस को बदला जा सकता है।
किन-किन चीजों में काम आ सकता है यह कार्ड?
कुछ होटलों में की कार्ड का इस्तेमाल सिर्फ कमरे का दरवाज़ा खोलने के लिए ही नहीं होता। इसी कार्ड के जरिए होटल की लिफ्ट, जिम, स्विमिंग पूल या दूसरी जगहों की एंट्री को भी कंट्रोल किया जा सकता है। इसलिए ज्यादा होटल में की कार्ड इस्तेमाल किए जाने लगे हैं।
की कार्ड खो जाने पर क्या करें
अगर होटल में आपका की कार्ड खो जाता है तो तुरंत रिसेप्शन पर जाकर इसकी जानकारी दें। होटल स्टाफ पुराने कार्ड को बंद करके नया कार्ड जारी कर देगा। इसलिए की कार्ड को किसी अनजान इंसान को न दें और सेफ्टी का ख्याल रखें।
Written by – Mansi Sharma
यह भी पढ़े- कनाडा में भारतीय मूल की हिमांशी खुराना की हत्या, 7 महीने बाद आरोपी गिरफ्तार








