Home » Breaking News » हैदराबाद में स्कूल विवाद गरमाया! स्कूल में ‘कलमा’ पढ़वाने के आरोप से मचा हड़कंप, विरोध के बाद टीचर को हटाया गया

हैदराबाद में स्कूल विवाद गरमाया! स्कूल में ‘कलमा’ पढ़वाने के आरोप से मचा हड़कंप, विरोध के बाद टीचर को हटाया गया

HYDERABAD NEWS: हैदराबाद के सैदाबाद स्थित एक निजी स्कूल में दूसरी कक्षा के एक हिंदू छात्र से कथित तौर पर ‘कलमा’ और ‘फातिहा’ पढ़वाने का मामला सामने आने के बाद विवाद गहरा गया है। घटना के विरोध में अभिभावकों, स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया, जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने आरोपी शिक्षिका शेख आयशा परवीन की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दीं।

अभिभावकों ने जताया विरोध

आरोप है कि शिक्षिका ने छात्र पर धार्मिक पाठ पढ़ने का दबाव डाला और इससे जुड़ा होमवर्क भी दिया। मामले की जानकारी मिलने पर छात्र के माता-पिता स्कूल पहुंचे और कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए सवाल उठाया कि शैक्षणिक वातावरण में धार्मिक गतिविधियों को क्यों शामिल किया गया।

HYDERABAD NEWS: स्कूल ने शिक्षिका को हटाया

विवाद बढ़ने के बाद स्कूल प्रशासन ने आदेश जारी कर शेख आयशा परवीन की सेवाएं 16 जुलाई से समाप्त कर दीं। साथ ही उन्हें स्कूल समूह के किसी भी संस्थान में भविष्य में नियुक्ति के लिए स्थायी रूप से अयोग्य घोषित कर दिया गया।

जांच और कार्रवाई की मांग

घटना के बाद स्कूल परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन हुआ। अभिभावकों ने मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कक्षाओं में किसी भी प्रकार की धार्मिक गतिविधि पर रोक लगाने की मांग की।

टी. राजा सिंह ने साधा निशाना

निर्दलीय विधायक टी. राजा सिंह ने घटना को “बेहद शर्मनाक” बताते हुए कहा कि यह पहली घटना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि छोटे बच्चों पर धार्मिक प्रभाव डालने की कोशिश की जा रही है। साथ ही उन्होंने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी से भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देने की मांग की।

HYDERABAD NEWS: मामले ने पकड़ा तूल

घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर भी बहस तेज हो गई है। फिलहाल स्कूल प्रशासन की कार्रवाई के बाद मामले की आगे की जांच और अन्य पहलुओं पर नजर रखी जा रही है।

ये भी पढ़े… ISRO छोड़ जा रहे होनहार वैज्ञानिक, ब्रेन ड्रेन रोकने के लिए सरकार का बड़ा कदम; जानिए पूरा पैटर्न