Home » टेक - ऑटो » देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन ने शुरू किया नियमित सफर, पहले दिन सिर्फ 20 यात्रियों ने किया सफर, 25 रुपये में मिल रहीं मेट्रो जैसी सुविधाएं

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन ने शुरू किया नियमित सफर, पहले दिन सिर्फ 20 यात्रियों ने किया सफर, 25 रुपये में मिल रहीं मेट्रो जैसी सुविधाएं

 Hydrogen Train:

Hydrogen Train: देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन ने रविवार से हरियाणा के जींद-सोनीपत रूट पर यात्रियों के लिए नियमित संचालन शुरू कर दिया। पहले दिन जींद जंक्शन से केवल 20 यात्रियों ने इस विशेष ट्रेन में सफर किया। ट्रेन जैसे ही प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची, यात्रियों में इसे देखने और इसके साथ तस्वीरें लेने का उत्साह साफ दिखाई दिया। यात्रियों का कहना है कि यह भारत के रेलवे इतिहास का एक बड़ा कदम है। अत्याधुनिक तकनीक से लैस इस ट्रेन में सफर करना उनके लिए नया अनुभव रहा। कई यात्रियों ने ट्रेन के सामने सेल्फी भी ली। ट्रेन करीब 25 मिनट तक प्लेटफॉर्म पर खड़ी रही और सुबह 7:40 बजे सोनीपत के लिए रवाना हुई।

Hydrogen Train: परिवार के साथ सफर करने पहुंचे यात्री-

यात्री राजपाल ने बताया कि 17 जुलाई को उद्घाटन के समय उन्हें ट्रेन में यात्रा करने का मौका नहीं मिला था। इसलिए इस बार वह अपने पोते-पोतियों को देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की सैर कराने लेकर आए। वहीं कैथल के गांव बात्ता निवासी विशाल ने कहा कि हरियाणा से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

Hydrogen Train: मेट्रो जैसी आधुनिक सुविधाएं-

यात्रियों ने बताया कि ट्रेन के अंदर कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। हर कोच में डिस्प्ले स्क्रीन लगी है, जिस पर अगले स्टेशन और वहां पहुंचने का समय दिखाया जाता है। इसके अलावा ऑटोमैटिक अनाउंसमेंट सिस्टम यात्रियों को अगले स्टेशन और ट्रेन की विशेषताओं की जानकारी देता है। प्रत्येक सीट के पास मोबाइल और लैपटॉप चार्ज करने के लिए चार्जिंग प्वाइंट भी दिए गए हैं। ट्रेन की खिड़कियां भी मेट्रो ट्रेन की तरह डिजाइन की गई हैं।

सिर्फ 25 रुपये में सफर-

रेलवे ने इस ट्रेन का किराया सामान्य पैसेंजर ट्रेन के बराबर रखा है। जींद से सोनीपत तक का टिकट मात्र 25 रुपये है। आधुनिक सुविधाओं के बावजूद कम किराया यात्रियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।

सप्ताह में छह दिन चलेगी ट्रेन-

रेलवे के शेड्यूल के अनुसार यह हाइड्रोजन ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। ट्रेन संख्या 74010 सुबह 7:40 बजे जींद से रवाना होकर 9:40 बजे सोनीपत पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 74009 सुबह 10:40 बजे सोनीपत से चलकर दोपहर 1:00 बजे जींद पहुंचेगी।

स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में बड़ा कदम-

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन भारतीय रेलवे के लिए स्वच्छ ऊर्जा और हरित परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ यात्रियों को आधुनिक और आरामदायक यात्रा का अनुभव भी मिलेगा

यह भी पढ़े- दतिया के चुनावी मंच पर जीतू पटवारी ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को बुलाया