IDBI Bank: भारतीय बैंकिंग क्षेत्र में एक ऐतिहासिक सौदा अंतिम चरण में पहुंचता दिखाई दे रहा है। केंद्र सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की हिस्सेदारी वाले आईडीबीआई बैंक के निजीकरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। खबरों के मुताबिक, भारतीय मूल के अरबपति प्रेम वत्स की कनाडाई निवेश कंपनी फेयरफैक्स होल्डिंग्स बैंक को खरीदने की दौड़ में सबसे आगे है। यदि यह सौदा पूरा होता है, तो इसे भारत के बैंकिंग इतिहास का सबसे बड़ा विदेशी निवेश माना जाएगा।
सरकार और एलआईसी बेचेंगे 60.72 फीसदी हिस्सेदारी
आईडीबीआई बैंक में केंद्र सरकार और एलआईसी की कुल हिस्सेदारी लगभग 95 प्रतिशत है। निजीकरण की योजना के तहत दोनों मिलकर बैंक की 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की तैयारी में हैं। बताया जा रहा है कि सरकार और एलआईसी अपनी-अपनी करीब 30 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने पर सहमत हैं। लंबे समय से लंबित इस निजीकरण प्रक्रिया को अब अंतिम रूप देने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है और संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी भी मिल चुकी है।
IDBI Bank: प्रेम वत्स की फेयरफैक्स होल्डिंग्स सबसे मजबूत दावेदार
कनाडा की निवेश कंपनी फेयरफैक्स होल्डिंग्स ने आईडीबीआई बैंक के अधिग्रहण के लिए करीब 53 हजार करोड़ रुपये की बोली लगाई है। कंपनी के चेयरमैन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) भारतीय मूल के उद्योगपति प्रेम वत्स हैं, जिन्हें निवेश की दुनिया में अक्सर “कनाडा का वॉरेन बफेट” कहा जाता है। हाल ही में वित्त मंत्रालय के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठकों के बाद फेयरफैक्स की दावेदारी सबसे मजबूत मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि कंपनी ने बैंक के अधिग्रहण में गंभीर रुचि दिखाई है।
बैंकिंग इतिहास की सबसे बड़ी विदेशी डील बन सकती है
सूत्रों के अनुसार, सरकार ने फेयरफैक्स के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है और अब इस सौदे की औपचारिक घोषणा कभी भी की जा सकती है। बोली की ऊंची कीमत को देखते हुए सरकार इस प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के पक्ष में है। यदि यह अधिग्रहण तय होता है, तो यह भारत के बैंकिंग क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश और सबसे बड़ी निजीकरण डील होगी। इससे न केवल आईडीबीआई बैंक के स्वामित्व में बड़ा बदलाव आएगा, बल्कि भारतीय बैंकिंग सेक्टर में विदेशी निवेश के लिए भी एक नया अध्याय खुल सकता है।
ये भी पढ़ें…मणिपुर में असम राइफल्स कैंप पर भीड़ का हमला, पथराव-आगजनी के बाद सुरक्षा बलों ने संभाले हालात








