Breaking News
Home » राष्ट्रीय » इमरान खान को अस्पताल में भर्ती कराने का आदेश, सुप्रीम कोर्ट ने स्वास्थ्य जांच के लिए दिए निर्देश

इमरान खान को अस्पताल में भर्ती कराने का आदेश, सुप्रीम कोर्ट ने स्वास्थ्य जांच के लिए दिए निर्देश

Imran Khan
Imran Khan

Imran Khan: पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराने का आदेश दिया है। मंगलवार को जस्टिस शाहिद वहीद की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने यह फैसला सुनाया। अदालत के निर्देश के मुताबिक, इमरान खान को अगले कुछ दिनों में इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल में भर्ती कराकर उनकी विस्तृत मेडिकल जांच कराई जाएगी। कोर्ट ने उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और मेडिकल सुविधाओं तक पहुंच को मौलिक अधिकारों से जोड़ते हुए यह आदेश दिया है।

हर हफ्ते परिवार से मुलाकात की भी अनुमति

सुप्रीम कोर्ट ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इमरान खान और उनके परिवार के सदस्यों के बीच हर सप्ताह मुलाकात की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही अदालत ने एक मेडिकल बोर्ड गठित करने का आदेश दिया है। इसमें इमरान खान के निजी चिकित्सक और उनकी बहन उज्मा खान को भी शामिल किया जाएगा। यह फैसला अदियाला जेल के अधीक्षक की ओर से इमरान खान की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर दाखिल रिपोर्ट के बाद आया।

Imran Khan: अनियंत्रित ब्लड प्रेशर और बेचैनी की शिकायत

रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के चिकित्सक अख्तर अली बंदेशाह ने 1 अगस्त को इमरान खान की जांच की थी। जांच में अनियंत्रित ब्लड प्रेशर, तेज धड़कन, सिरदर्द और बेचैनी जैसी शिकायतें दर्ज की गईं। डॉक्टर ने उनकी मेडिकल स्थिति को देखते हुए सीटी कोरोनरी एंजियोग्राफी कराने और ब्लड प्रेशर की दवा बढ़ाने की सलाह दी थी। साथ ही मानसिक दबाव कम करने के लिए परिवार से अधिक मुलाकात और पढ़ने की सामग्री उपलब्ध कराने की सिफारिश की गई।

इमरान खान ने पहले भी की थी अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग

इमरान खान ने मई में सुप्रीम कोर्ट का रुख कर शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल में इलाज कराने की मांग की थी। उन्होंने निजी डॉक्टरों, परिवार और कानूनी सलाहकारों से मिलने तथा अपनी मेडिकल रिपोर्ट परिवार के साथ साझा करने की अनुमति भी मांगी थी।

Imran Khan: संयुक्त राष्ट्र की विशेष प्रतिवेदक ने भी जताई थी चिंता

पिछले महीने संयुक्त राष्ट्र की विशेष प्रतिवेदक एलिस जिल एडवर्ड्स ने भी इमरान खान की स्थिति पर चिंता जताई थी। उन्होंने लंबे समय तक कथित एकांतवास और पर्याप्त मेडिकल देखभाल नहीं मिलने की रिपोर्टों का उल्लेख करते हुए पाकिस्तान सरकार से मानवीय आधार पर उन्हें आवश्यक जांच और अपनी पसंद का उपचार लेने की अनुमति देने की अपील की थी। इमरान खान अगस्त 2023 से अदियाला जेल में बंद हैं।

ये भी पढ़ें…छात्रों के प्रदर्शन पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, जंतर-मंतर पर पुलिस कार्रवाई की जांच करेगी हाई-पावर कमेटी