Home » स्पोर्ट्स » इतिहास के पन्नों में दर्ज हुई जीत! अफगानिस्तान पर भारत का कहर, सुथार ने मचाया धमाल

इतिहास के पन्नों में दर्ज हुई जीत! अफगानिस्तान पर भारत का कहर, सुथार ने मचाया धमाल

IND vs AFG Test: भारतीय क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया। न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को एक पारी और 300 रन से हराकर टेस्ट क्रिकेट में अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की।

भारत ने पहली पारी में बनाया विशाल स्कोर

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 8 विकेट पर 564 रन बनाकर अपनी पारी घोषित की। कप्तान शुभमन गिल ने शानदार 126 रन बनाए, जबकि केएल राहुल ने 100 रनों की शतकीय पारी खेली। इसके अलावा साई सुदर्शन और ऋषभ पंत ने 81-81 रन का योगदान दिया। वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 52 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

IND vs AFG Test: पहली पारी में बिखरी अफगानिस्तान की बल्लेबाजी

जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम पहली पारी में सिर्फ 152 रन पर सिमट गई। रहमत शाह ने सर्वाधिक 60 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। भारत के लिए डेब्यू कर रहे मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके। प्रसिद्ध कृष्णा को 3 और वॉशिंगटन सुंदर को 1 विकेट मिला।

फॉलोऑन के बाद भी नहीं संभल सकी अफगान टीम

412 रन से पीछे रहने के कारण अफगानिस्तान को फॉलोऑन खेलना पड़ा। दूसरी पारी में भी उसकी बल्लेबाजी पूरी तरह विफल रही और पूरी टीम 112 रन पर ऑलआउट हो गई। सिद्दीकुल्लाह अटल ने 42 रन बनाए, लेकिन कोई अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।

IND vs AFG Test: भारतीय गेंदबाजों का दबदबा

दूसरी पारी में वॉशिंगटन सुंदर ने 4 विकेट लेकर अफगानिस्तान की कमर तोड़ दी। कुलदीप यादव ने 3 विकेट, मोहम्मद सिराज ने 1 विकेट और मानव सुथार ने भी 1 विकेट हासिल किया। दोनों पारियों में सुथार ने कुल 7 विकेट लेकर अपने टेस्ट करियर की यादगार शुरुआत की।

टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी भारतीय जीत

इस जीत के साथ भारत ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी सबसे बड़ी पारी जीत का रिकॉर्ड बना दिया। इससे पहले भारत की सबसे बड़ी जीत 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ राजकोट टेस्ट में एक पारी और 272 रन से थी। अब अफगानिस्तान के खिलाफ एक पारी और 300 रन की जीत नया भारतीय रिकॉर्ड बन गई है।

IND vs AFG Test: सबसे बड़ी भारतीय टेस्ट जीतें

अफगानिस्तान के खिलाफ – एक पारी और 300 रन, मुल्लांपुर (2026), वेस्टइंडीज के खिलाफ – एक पारी और 272 रन, राजकोट (2018), अफगानिस्तान के खिलाफ – एक पारी और 262 रन, बेंगलुरु (2018), बांग्लादेश के खिलाफ – एक पारी और 239 रन, मीरपुर (2007) और श्रीलंका के खिलाफ – एक पारी और 239 रन, नागपुर (2017) जीत दर्ज है। इस ऐतिहासिक जीत ने शुभमन गिल की कप्तानी और युवा खिलाड़ियों की क्षमता दोनों पर एक बार फिर मुहर लगा दी है।

ये भी पढ़े… विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में बड़ा हादसा: पिघला स्टील गिरने से 8 मजदूरों की मौत, कई घायल