Home » राष्ट्रीय » यमन के पास लाल सागर में भारतीय मालवाहक जहाज पर बड़ा हमला, विस्फोट के बाद समुद्र में डूबा जहाज

यमन के पास लाल सागर में भारतीय मालवाहक जहाज पर बड़ा हमला, विस्फोट के बाद समुद्र में डूबा जहाज

यमन के पास भारतीय मालवाहक जहाज डूबा

Indian Cargo Ship Attack: यमन के पश्चिमी तट के पास लाल सागर में भारतीय झंडे वाले एक मालवाहक जहाज पर हुए हमले ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विस्फोटकों से भरी एक नाव के जरिए किए गए इस हमले में भारतीय कमर्शियल जहाज एमएसवी फैज नूरे औलिया समुद्र में डूब गया। राहत की बात यह रही कि जहाज पर सवार सभी 14 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। इनमें 13 भारतीय और एक यमनी नाविक शामिल थे। भारत सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे निर्दोष नागरिक जहाज पर किया गया अकारण हमला बताया है।

विस्फोटकों से भरी नाव से किया गया हमला

जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त को लाल सागर में यमन के हूथी नियंत्रित बंदरगाह शहर होदेइदाह से करीब 13 नॉटिकल मील दक्षिण में भारतीय ध्वज वाले मालवाहक जहाज पर हमला किया गया। बताया जा रहा है कि विस्फोटकों से भरी एक नाव जहाज से टकराई, जिसके बाद जोरदार विस्फोट हुआ और जहाज को भारी नुकसान पहुंचा। नुकसान इतना गंभीर था कि कुछ ही समय में जहाज समुद्र में डूब गया। हालांकि, चालक दल ने समय रहते आपातकालीन संकेत भेज दिए, जिससे राहत अभियान तुरंत शुरू किया जा सका।

यमनी कोस्ट गार्ड ने सभी नाविकों को सुरक्षित निकाला

हमले के बाद यमनी कोस्ट गार्ड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बचाव अभियान चलाया। अभियान के दौरान जहाज पर मौजूद सभी 14 नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इनमें 13 भारतीय नागरिक और एक यमनी चालक दल का सदस्य शामिल था। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बचाए गए सभी नाविकों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया, जहां उन्हें आवश्यक चिकित्सा और अन्य सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

भारत सरकार ने जताया कड़ा विरोध, क्रू को हरसंभव मदद का भरोसा

भारत सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष और निहत्थे कमर्शियल जहाज पर किया गया यह हमला पूरी तरह अस्वीकार्य है। केंद्रीय जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित समुद्री अधिकारियों और एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि बचाए गए सभी भारतीय नाविकों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर रही है। इस घटना ने लाल सागर क्षेत्र में बढ़ते समुद्री खतरों और व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।

Written by: Rashmi Sharma

यह भी पढ़े- कर्नाटक के यादगीर में केमिकल रिसाव से बड़ा हादसा, दवा फैक्ट्री में 3 श्रमिकों की मौत, 2 की हालत गंभीर