Home » मध्य प्रदेश » वायु प्रदूषण: जहरीली हवा की चपेट में आया स्वच्छ इंदौर, आधी रात को AQI 1708 तक पहुंचा

वायु प्रदूषण: जहरीली हवा की चपेट में आया स्वच्छ इंदौर, आधी रात को AQI 1708 तक पहुंचा

इंदौर में सांस लेना हुआ मुश्किल, AQI पहुंचा 1708
इंदौर में सांस लेना हुआ मुश्किल, AQI पहुंचा 1708

Indore AQI: केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली की रात इंदौर में वायु प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया। शहर के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब से बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई। AQI वेबसाइट के अनुसार, दिवाली की रात करीब 1 बजे इंदौर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 1708 तक दर्ज किया गया। वहीं, रात 3 बजे छोटी ग्वालटोली इलाके में AQI 338 रहा। महज 5 घंटे के भीतर शहर की हवा में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा।

Indore AQI: 5 घंटे में कई इलाकों की हवा हुई खराब

छोटी ग्वालटोली इलाके में AQI 281 से बढ़कर 338 तक पहुंच गया। इसके चलते यहां हवा खराब से बेहद खराब श्रेणी में आ गई।इसी तरह मगोड़ा नगर में AQI 203 से बढ़कर 316 दर्ज किया गया। यानी यहां 113 अंकों की बढ़ोतरी हुई और हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई।वहीं, रेजिडेंसी क्षेत्र में AQI 206 से बढ़कर 261 हो गया। यहां 55 अंकों की वृद्धि दर्ज की गई, हालांकि हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में ही बनी रही।दिवाली की रात कई ऑनलाइन एयर क्वालिटी ऐप्स पर इंदौर को दुनिया का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बताया गया। इन ऐप्स के आंकड़ों में शहर का AQI 1708 तक पहुंचता दिखाई दिया। इस स्तर को बेहद खतरनाक और चिंताजनक स्थिति के रूप में दिखाया गया।

Indore AQI: दिवाली पर इंदौर बना दुनिया का दूसरा प्रदूषित शहर
दिवाली पर इंदौर बना दुनिया का दूसरा प्रदूषित शहर
सोशल मीडिया पर लोगों ने जताई चिंता

शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों ने अपनी चिंता जाहिर की। अरविंद तिवारी ने प्रदूषण से जुड़े आंकड़े साझा करते हुए इंदौर की हवा के जहरीली होने पर चिंता जताई।वहीं, पंकज क्षीरसागर ने लिखा कि वायु प्रदूषण के इतने बढ़ने की एक बड़ी वजह लोगों में जागरूकता की कमी है। उन्होंने कहा कि पटाखों के अत्यधिक और बिना किसी नियंत्रण के इस्तेमाल से शहर की हवा की स्थिति बिगड़ गई।

Indore AQI: घरों के अंदर भी सांस लेना हुआ मुश्किल

इंदौर में प्रदूषण का स्तर इतना बढ़ गया कि सुबह तक लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। हालात ऐसे हो गए कि घरों के अंदर भी गैस चैंबर जैसा माहौल बन गया।इसका सबसे ज्यादा असर छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर देखने को मिला। धुएं के कारण छोटे बच्चे परेशान होकर रोते रहे, जबकि बुजुर्गों को सांस लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।दिवाली की रात पटाखों के तेज शोर और धुएं ने पशु-पक्षियों को भी परेशान किया। उनके लिए भी रात गुजारना मुश्किल हो गया। इसके अलावा, शहर में जगह-जगह आतिशबाजी के कारण आग लगने की घटनाएं भी सामने आईं।

यह भी पढ़े- अयोध्या के युवाओं ने अखिलेश यादव को कहा ‘यदमुल्ला’, जानिए क्या है पूरा मामला