IPL 2026: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस ने दमदार वापसी करते हुए गुजरात टाइटंस को 99 रन से हराया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में यह जीत मुंबई के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुई। इस जीत के हीरो रहे तिलक वर्मा, जिन्होंने 45 गेंदों पर 101* रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी के दम पर मुंबई ने 199 रन बनाए, जिसके जवाब में गुजरात की टीम सिर्फ 100 रन पर सिमट गई।
अंकतालिका में बड़ा बदलाव
इस मुकाबले के बाद पॉइंट्स टेबल में हलचल देखने को मिली— पहले स्थान पर पंजाब किंग्स (11 अंक), दूसरे पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (8 अंक),तीसरे पर राजस्थान रॉयल्स (8 अंक) और चौथे पर सनराइजर्स हैदराबाद (6 अंक) वहीं, जीत के बावजूद मुंबई इंडियंस 4 अंकों के साथ सातवें स्थान पर पहुंची है।
IPL 2026: ऑरेंज कैप और पर्पल कैप किसके पास?
ऑरेंज कैप इस समय हेनरिक क्लासेन के पास है, जिन्होंने 6 मैचों में 283 रन बनाए हैं और शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। गेंदबाजी में अंशुल कंबोज का जलवा बरकरार है। चेन्नई सुपर किंग्स के इस गेंदबाज ने 6 मैचों में 13 विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम कर रखी है।
गेंदबाजों का सामूहिक प्रदर्शन
मुंबई के गेंदबाजों ने मिलकर शानदार प्रदर्शन किया। अश्विनी कुमार ने 4/24 के आंकड़े के साथ कमाल किया, जबकि मिचेल सैंटनर और अल्लाह गजनफर ने दो-दो विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। हार्दिक ने टीम की तारीफ करते हुए कहा, ‘हमने सही क्षेत्रों में और सही इरादे के साथ गेंदबाजी की। युवाओं का प्रदर्शन शानदार रहा और फील्डिंग ने भी साथ दिया।’

IPL 2026: हार्दिक का तीखा जवाब
मैच के बाद जब हार्दिक पांड्या से बुमराह के शुरुआती ओवर नहीं डालने और विकेट सूखे को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बेबाक जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘मैंने कई लोगों को यह पूछते देखा है कि जसप्रीत पहला ओवर क्यों नहीं डालते, लेकिन अगर आप देखें तो 151 मैचों में सिर्फ आठ-नौ बार ही उन्होंने पहला ओवर डाला है। इसलिए यह हार्दिक पांड्या की समस्या या गलती नहीं है। बुमराह इतने खास गेंदबाज हैं कि आप उन्हें टीम की जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल करते हैं, जरूरी नहीं कि शुरुआत में ही।’
रन रेट बना अंतर
समान अंकों के बावजूद टीमों की रैंकिंग नेट रन रेट के आधार पर तय हो रही है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। कुल मिलाकर, मुंबई की इस बड़ी जीत ने टूर्नामेंट को और रोमांचक बना दिया है और प्लेऑफ की रेस अब और कड़ी होती जा रही है।
ये भी पढ़े… मुंबई इंडियंस की एकतरफा जीत, गुजरात टाइटंस को 99 रन से हराकर तोड़ा हार का सिलसिला








