IPS Ajay Pal Sharma News: पश्चिम बंगाल के चुनावी माहौल के बीच सोशल मीडिया पर एक वायरल पोस्ट ने अचानक सियासी हलकों और आम लोगों का ध्यान खींच लिया। उत्तर प्रदेश कैडर के चर्चित ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट’ अजय पाल शर्मा के नाम से फेसबुक पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई, जिसमें बंगाली भाषा में लिखी गई भावनात्मक पंक्तियों ने लोगों को हैरान कर दिया। पोस्ट में Rabindranath Tagore के प्रसिद्ध गीत आमार सोनार बांग्ला की पंक्तियां साझा की गई थीं। इसमें मां और मातृभूमि के प्रति भावनात्मक लगाव को दर्शाया गया था। पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों और सियासी सरगर्मियों के बीच इस पोस्ट को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं—कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक संदेश तक मान लिया।
वायरल होते ही मची हलचल
सोशल मीडिया पर पोस्ट के तेजी से फैलने के बाद यह चर्चा का विषय बन गई कि क्या वाकई यूपी के एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने बंगाल की राजनीति को लेकर कोई संकेत दिया है। देखते ही देखते यह पोस्ट हजारों लोगों तक पहुंच गई और अलग-अलग व्याख्याएं सामने आने लगीं। वहीं इस मामले ने तूल पकड़ा तो खुद अजय पाल शर्मा ने सामने आकर सच्चाई स्पष्ट की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वायरल हो रही फेसबुक आईडी पूरी तरह फर्जी है और उनका इस पोस्ट से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके नाम और फोटो का गलत इस्तेमाल कर भ्रामक जानकारी फैलाने की कोशिश की है।
फेक अकाउंट्स से सावधान रहने की अपील
आपको बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है जब किसी वरिष्ठ अधिकारी के नाम पर फर्जी अकाउंट बनाकर अफवाह फैलाई गई हो। साइबर ठग और शरारती तत्व अक्सर चर्चित चेहरों का सहारा लेकर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश करते हैं। पुलिस और साइबर विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी अनवेरिफाइड अकाउंट या संदिग्ध पोस्ट पर आंख बंद करके भरोसा न करें। किसी भी जानकारी को शेयर करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना बेहद जरूरी है।








