Home » उत्तर प्रदेश » कौन है वो जालौन के 4 पुलिसकर्मी जिनकी सड़क हादसे में गई जान, शोक में डूबा पुलिस महकमा, DGP भी क्या बोले पढ़े…

कौन है वो जालौन के 4 पुलिसकर्मी जिनकी सड़क हादसे में गई जान, शोक में डूबा पुलिस महकमा, DGP भी क्या बोले पढ़े…

जालौन के 4 पुलिसवालों समेत 5 की मौत

UP News: हरियाणा के नूंह में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। जालौन से दबिश देकर लौट रही पुलिस टीम की स्कॉर्पियो गाड़ी एक्सप्रेस-वे पर हादसे का शिकार हो गई, जिसमें 4 पुलिसकर्मियों समेत 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

कैसे हुआ हादसा? 

हादसा सुबह करीब 10:30 बजे कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर धुलावट टोल प्लाजा के पास हुआ। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम एक अपहरण के मामले में कार्रवाई कर वापस लौट रही थी। इसी दौरान स्कॉर्पियो चालक ने एक गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सामने चल रही गाड़ी से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे सभी लोग बुरी तरह फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस और बचाव टीम को शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में जान गंवाने वालों में सब-इंस्पेक्टर मोहित यादव, दरोगा सत्यभान, कॉन्स्टेबल अशोक कुमार, सर्विलांस टीम के सिपाही प्रदीप और वादी अमरीक सिंह शामिल हैं। सभी पुलिसकर्मी उरई कोतवाली में तैनात थे।

UP News: कौन है हादसे में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मी?

दरोगा सत्यभान अपने परिवार के सबसे बड़े सहारा थे। पांच भाइयों में सबसे बड़े सत्यभान ने पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभाल रखी थी। उनके पीछे पत्नी, तीन बेटे और दो बेटियां हैं—जिनमें से दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। अब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

कॉन्स्टेबल अशोक कुमार के परिवार में भी हाल ही में एक बड़ा सदमा आया था। उनके पिता की करीब एक महीने पहले ही हार्ट अटैक से मौत हुई थी, और अब बेटे की असमय मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है।

सब-इंस्पेक्टर मोहित यादव की कहानी और भी दर्दनाक है। वह कन्नौज के रहने वाले थे। साल 2013 में उनके पिता की भी ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पिता के जाने के बाद मोहित ने ही परिवार की जिम्मेदारी संभाली और 2018 में पुलिस में भर्ती हुए। आज वही हादसा उनके परिवार को फिर उसी दर्दनाक मोड़ पर ले आया है। उनके पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं एक महज 6 साल का और दूसरा सिर्फ 5 महीने का।

शोक में डूबा पुलिस महकमा

हादसे के बाद सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। जिस स्कॉर्पियो में पुलिस टीम सवार थी, वह हरियाणा के जींद आरटीओ में रजिस्टर्ड बताई जा रही है। इस हादसे ने न सिर्फ पांच जिंदगियां छीन लीं, बल्कि उनके परिवारों के सपनों और सहारे को भी खत्म कर दिया। पुलिस महकमे में शोक की लहर है और हर आंख नम है। एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही ने कई घरों के चिराग बुझा दिए।

वहीं इस घटना के बाद डीजीपी उत्तर प्रदेश राजीव कृष्णा ने हादसे पर शोक व्यक्त जाते हुए X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि कर्तव्य पालन के दौरान हरियाणा में घटित दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में जनपद जालौन पुलिस के 4 कर्मियों—उ0नि0 सत्यभान सिंह, उ0नि0 मोहित कुमार यादव, आरक्षी प्रदीप कुमार एवं आरक्षी अशोक कुमार के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार अपने कर्तव्यनिष्ठ साथियों के असामयिक निधन से शोकाकुल है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति दें।

ये भी पढ़े… पंजाब में फिर Active हुआ आतंकी नेटवर्क, ISI-खालिस्तानी गठजोड़ और गैंगस्टर कनेक्शन से बढ़ा खतरा

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments