Home » देश-विदेश » रुकी जंग या सिर्फ विराम? अमेरिका-ईरान सीजफायर का पूरा सच

रुकी जंग या सिर्फ विराम? अमेरिका-ईरान सीजफायर का पूरा सच

Iran-US Ceasefire

Iran-US Ceasefire: ईरान और अमेरिका के बीच चल रहा युद्ध आखिरकार बंद हो गया है। यानि कि दो सप्ताह के लिए सीजफायर हो चुका है। दुनिया फिलहाल राहत की सांस ली है, क्योंकि अब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुल जाएगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर के इस कदम को ईरान की होर्मुज स्ट्रेट को खोलने और बातचीत में शामिल होने को लेकर इसे तत्परता से जोड़ा है। लेकिन अभी तक इस बात का कोई स्प्षट संकेत नहीं मिला है कि, दोनों देशों के बीच चल रहा यह युद्ध पूरी तरह से खत्म हो गया है। क्योंकि ईरान ने पहले ही कह दिया है कि शर्तें मंजूर होने तक युद्धविराम का निर्णय लिया गया है, लेकिन युद्ध पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। खाड़ी क्षेत्र में सैन्य हलचल अभी थमी नहीं है और संघर्ष से जुड़े अहम मुद्दे अब भी सुलझे नहीं हैं। ऐसे में हालात फिलहाल बेहद संवेदनशील बने हुए हैं। आने वाले दो हफ्तों में अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली बातचीत तय करेगी कि यह सीजफायर स्थायी शांति समझौते में बदलेगा या फिर सिर्फ अस्थायी विराम बनकर रह जाएगा।

मंगलवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए उसकी सभ्यता तक को मिटा देने की धमकी दी थी। इसके बाद कई देशों ने हस्तक्षेप कर हालात को काबू में करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि ट्रंप की चेतावनी के अंतिम डेढ़ घंटे के भीतर ही मध्यस्थों ने दोनों पक्षों को युद्धविराम के लिए राजी कर लिया। सीजफायर के बाद दोनों देशों ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया है। ईरान का कहना है कि उसने अपने विरोधी को परास्त किया, जबकि ट्रंप ने भी कहा कि अमेरिका अपने सभी सैन्य लक्ष्यों को हासिल कर चुका है। इन बयानों से यह संकेत मिलता है कि दोनों पक्ष किसी बड़े समझौते के करीब होने का संदेश देना चाहते हैं। हालांकि, ईरान ने युद्धविराम के लिए 10 शर्तें सामने रखी हैं और साफ किया है कि किसी भी तरह की सैन्य रोक तभी संभव है जब उस पर होने वाले हमले पूरी तरह बंद हों। फिलहाल दोनों देश दो सप्ताह के अस्थायी सीजफायर पर सहमत हुए हैं और इजरायल ने भी इसे समर्थन दिया है, लेकिन जमीनी स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। खाड़ी क्षेत्र में जारी मिसाइल गतिविधियां और इजरायल के लगातार हमले इस बात का संकेत हैं कि तनाव अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

10 पॉइंट्स में समझें—क्या सच में थम गया है युद्ध?

1-सीजफायर या सिर्फ ब्रेक?

अमेरिका और ईरान के बीच हुआ युद्धविराम फिलहाल सिर्फ दो हफ्तों के लिए है। इसे स्थायी समाधान नहीं, बल्कि बातचीत के लिए लिया गया एक अस्थायी विराम माना जा रहा है।

2-दोनों पक्ष सतर्क मोड में

अमेरिका इसे “दोतरफा सीजफायर” बता रहा है, लेकिन ईरान की सर्वोच्च सुरक्षा संस्था ने साफ कर दिया है कि यह युद्ध का अंत नहीं, बल्कि रणनीतिक ठहराव है। उनका संदेश साफ है—जरूरत पड़ी तो जवाब तुरंत मिलेगा।

3-ट्रिगर पर उंगलियां

ईरान ने साफ चेतावनी दी है कि उसकी सेनाएं पूरी तरह अलर्ट हैं। अगर दूसरी तरफ से जरा भी चूक हुई, तो जवाब जोरदार होगा।

4-होर्मुज जलडमरूमध्य बना बड़ा मुद्दा

दुनिया के करीब 20% तेल सप्लाई का रास्ता—होर्मुज स्ट्रेट—अमेरिका की प्राथमिक मांग है कि इसे तुरंत और सुरक्षित खोला जाए। ईरान तैयार तो है, लेकिन अपनी शर्तों के साथ।

5-शर्तों के साथ समझौता

ईरान ने कहा है कि समुद्री रास्ते की सुरक्षा उसकी सेना के नियंत्रण और तकनीकी शर्तों पर ही संभव होगी। यानी पूरी आज़ादी अभी नहीं।

6-बिना शर्त युद्ध रोकने को तैयार नहीं ईरान

ईरान ने साफ किया है कि अगर उस पर हमले पूरी तरह बंद होते हैं, तभी वह अपने सैन्य अभियान रोकेगा। यानी भरोसे की कमी अभी भी गहरी है।

7-पाकिस्तान की मध्यस्थता की चर्चा

सीजफायर के पीछे पाकिस्तान की भूमिका भी सामने आई है। दावा है कि बातचीत के बाद ही अंतिम समय में यह समझौता संभव हो पाया।

8-ईरान का 10 सूत्रीय शांति प्लान

तेहरान ने व्यापक प्रस्ताव रखा है, जिसमें प्रतिबंध हटाने, संपत्तियों की वापसी, क्षेत्रीय शांति और परमाणु हथियार न बनाने का वादा शामिल है।

9-परमाणु मुद्दे पर उलझन

ईरान के प्रस्ताव के फारसी और अंग्रेजी संस्करण में फर्क सामने आया है—खासतौर पर यूरेनियम संवर्धन को लेकर। यही मुद्दा आगे की बातचीत में सबसे बड़ी अड़चन बन सकता है।

10-जमीन पर अब भी तनाव बरकरार

सीजफायर के बावजूद खाड़ी क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन गतिविधियां जारी हैं। इजराइल के हमले भी थमे नहीं हैं, जिससे साफ है कि हालात अभी पूरी तरह नियंत्रण में नहीं हैं।

लेखक: अरुण चौरसिया

ये भी पढ़े… भगवाधारी बुजुर्ग को इटावा में युवक ने बाल पकड़ घसीटा, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी बने मूकदर्शक, वीडियो वायरल

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments