Home » उत्तर प्रदेश » सर्पदंश से युवक की मौत, एंटी-वेनम नहीं मिलने का परिजनों ने लगाया आरोप

सर्पदंश से युवक की मौत, एंटी-वेनम नहीं मिलने का परिजनों ने लगाया आरोप

 Rampur News:

Rampur News: उत्तर प्रदेश के रामपुर में सर्पदंश से पीड़ित एक युवक की मौत के बाद जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। मृतक के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती कराने के बाद भी युवक को एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन नहीं दिया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई।

Rampur News: मेरठ में इलाज के दौरान हुई मौत-

परिजनों के अनुसार, युवक को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत बताकर इलाज किया जाता रहा। करीब एक घंटे बाद हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उसे मेरठ के सरदार वल्लभभाई पटेल चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां तीन दिन इलाज के बाद शनिवार को उसकी मौत हो गई।

Rampur News: यह है पूरा मामला-

यह घटना सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के टिकटगंज गांव की है। गांव निवासी 30 वर्षीय योगेंद्र को 8 जुलाई की रात करीब तीन बजे सोते समय सांप ने डस लिया था। उन्होंने तुरंत परिजनों को फोन कर बुलाया, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में रात करीब 3:50 बजे उन्हें भर्ती किया गया, लेकिन लगभग एक घंटे बाद उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया।

परिजनों ने एंटी-वेनम नहीं देने का लगाया आरोप-

मृतक के पिता जगत सिंह का आरोप है कि बेटे ने खुद बताया था कि उसे सांप ने डसा है, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों और स्टाफ ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। उनका कहना है कि एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन नहीं लगाया गया और कहा गया कि सांप के काटने की पुष्टि नहीं है। परिजनों का आरोप है कि समय पर इंजेक्शन नहीं मिलने से शरीर में जहर फैल गया और इलाज में देरी के कारण युवक की जान चली गई।

परिवार में छाया मातम-

योगेंद्र परिवार का सहारा थे। उनकी मौत के बाद पत्नी और पांच बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का कहना है कि अगर समय पर इलाज मिल जाता तो उनकी जान बच सकती थी।

अस्पताल प्रशासन ने दिए जांच के आदेश-

वहीं, जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बीसी सक्सेना ने लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध है और सर्पदंश के मरीजों को इंजेक्शन दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच कराई जाएगी। अगर किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी

यह भी पढ़े- पलक्कड़ जिले से जुड़े तीन अंतरिक्ष यात्री, 15 जुलाई को ISS के लिए उड़ान भरेंगे अनिल मेनन