Iran US Tensions: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को सीधी सैन्य चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर ईरानी सरकार उनकी हत्या करती है या ऐसा करने की कोशिश करती है, तो अमेरिका तुरंत जवाब देगा। उनका दावा है कि 1000 मिसाइलें पहले से ही ईरान की ओर निशाना साधे तैयार हैं।
1000 मिसाइलें पहले से तैयार
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि यदि दुनिया के किसी भी हिस्से से ईरान उनकी हत्या या हत्या की साजिश को अंजाम देता है या उसका प्रयास करता है, तो अमेरिका तत्काल कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि 1000 मिसाइलें पहले से ही इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान की ओर तैनात हैं। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर हजारों अतिरिक्त मिसाइलें भी तुरंत तैयार की जा सकती हैं।ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना को पहले ही जरूरी निर्देश दिए जा चुके हैं। उनके अनुसार, अमेरिका के पास इतनी सैन्य क्षमता और तैयारी है कि आवश्यकता पड़ने पर वह एक साल तक, या उससे भी अधिक समय तक, ईरान के किसी भी हिस्से को निशाना बना सकता है।
ईरान का जवाब
इससे पहले ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने भी अमेरिका को सख्त संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका पिछले महीने हुए मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) से पीछे हटता है, तो ईरान अपनी रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है।इंडोनेशिया की पीपुल्स कंसल्टेटिव असेंबली के स्पीकर अहमद मुजानी से मुलाकात के बाद गालिबाफ ने अपने आधिकारिक टेलीग्राम पोस्ट में कहा कि हाल की शांति वार्ता के दौरान उन्होंने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से साफ शब्दों में कहा था कि ईरान को अमेरिका पर “जरा भी भरोसा नहीं” है।
जेडी वेंस से दो टूक बातचीत
गालिबाफ के अनुसार, उन्होंने वार्ता के दौरान जेडी वेंस से कहा कि केवल वही देश अमेरिका से बातचीत कर सकता है, जो युद्ध के लिए पूरी तरह तैयार हो। उन्होंने कहा कि ईरान ने अपनी रक्षा की तैयारियां कभी नहीं रोकी हैं। अगर अमेरिका किसी भी समझौते से पीछे हटता है, तो ईरान पूरी ताकत के साथ अपनी रक्षा करेगा और देश के लोगों के अधिकारों की सुरक्षा करेगा।
ट्रंप बोले- सीजफायर खत्म
इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक और पोस्ट में कहा था कि ईरान ने अमेरिका से बातचीत जारी रखने का अनुरोध किया है और अमेरिका इसके लिए तैयार है।हालांकि ट्रंप ने स्पष्ट किया कि अमेरिका ने ईरान को साफ बता दिया है कि दोनों देशों के बीच लागू सीजफायर अब खत्म हो चुका है। उन्होंने लिखा कि बातचीत जारी रखने पर सहमति है, लेकिन सीजफायर अब प्रभावी नहीं रहा।
ये भी पढ़ें…गाजियाबाद में दामाद ने की ससुर की हत्या, पत्नी बोली- ‘पापा ने मेरी जान बचाने के लिए अपनी जान दे दी’








