IRCTC WEBSITE: भारतीय रेलवे के यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) अपनी नई वेबसाइट का बीटा वर्जन बुधवार रात 9 बजे से आम लोगों के लिए उपलब्ध कराने जा रहा है। इसका उद्देश्य यात्रियों को वेबसाइट के नए स्वरूप और सुविधाओं का अनुभव कराना तथा उनसे सुझाव और प्रतिक्रिया प्राप्त करना है। बीटा वर्जन का लिंक आईआरसीटीसी की मौजूदा वेबसाइट के होमपेज पर भी उपलब्ध रहेगा, जहां से उपयोगकर्ता नई वेबसाइट का परीक्षण कर सकेंगे।
नई वेबसाइट में मिलेगा आसान और आधुनिक इंटरफेस
आईआरसीटीसी ने नई वेबसाइट को पहले की तुलना में अधिक सरल, तेज और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाया है। वेबसाइट में साफ-सुथरा यूजर इंटरफेस दिया गया है, जिससे टिकट बुकिंग की प्रक्रिया पहले से कहीं आसान होगी। नई डिजाइन का उद्देश्य यात्रियों को बिना किसी परेशानी के टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराना और वेबसाइट के उपयोग का बेहतर अनुभव देना है।
IRCTC WEBSITE: बुकिंग प्रक्रिया में किए गए कई बड़े बदलाव
बीटा वर्जन में आईआरसीटीसी ने कई महत्वपूर्ण सुधार किए हैं। अब अनावश्यक कैप्चा और पॉप-अप नहीं होंगे, जिससे टिकट बुकिंग के दौरान समय की बचत होगी। इसके अलावा वेबसाइट पर चमकते ग्राफिक्स और ध्यान भटकाने वाले तत्वों को भी हटाया गया है। यात्रियों को सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक साथ दिखाई देगी। साथ ही टिकट बुकिंग के चरणों की संख्या कम की गई है और यात्री विवरण सुरक्षित रखने की सुविधा भी जोड़ी गई है, जिससे बार-बार जानकारी भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

छात्रों के सुझावों से तैयार हुआ नया प्लेटफॉर्म
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ बातचीत के दौरान मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) के छात्रों ने वेबसाइट में सुधार के कई सुझाव दिए थे। इन्हीं सुझावों के आधार पर नई वेबसाइट का डिजाइन तैयार किया गया है। आईआरसीटीसी ने बताया कि वर्ष 2002 में लॉन्च हुई मौजूदा वेबसाइट पर प्रतिदिन औसतन 14.5 लाख टिकट बुक किए जाते हैं। अब बीटा वर्जन के माध्यम से उपयोगकर्ताओं की प्रतिक्रिया ली जाएगी और जरूरी बदलावों को शामिल कर अंतिम संस्करण को और बेहतर बनाया जाएगा।
ये भी पढ़ें…यूपी में पीएम आवास योजना के तहत कोई पात्र छूटा तो CDO होंगे जिम्मेदार – केशव मौर्य








