ISRO Internship: अगर आपका सपना अंतरिक्ष विज्ञान, इंजीनियरिंग या नई तकनीक के क्षेत्र में करियर बनाने का है, तो भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) आपके लिए बेहतरीन मौका लेकर आया है। इसरो ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी से जुड़े छात्रों के लिए इंटर्नशिप और स्टूडेंट ट्रेनी प्रोग्राम की घोषणा की है। इस इंटर्नशिप के माध्यम से चयनित छात्रों को इसरो के वैज्ञानिकों के साथ काम करने, अत्याधुनिक रिसर्च प्रोजेक्ट्स में शामिल होने और अंतरिक्ष तकनीक का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी अपनी पसंद के इसरो केंद्र की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
इसरो की इंटर्नशिप के लिए केवल भारतीय नागरिक आवेदन करने के पात्र हैं। आवेदन करने वाला छात्र किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से विज्ञान या प्रौद्योगिकी से जुड़े विषय में ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन या रिसर्च कर रहा हो या हाल ही में अपनी डिग्री पूरी की हो। पात्रता के लिए अभ्यर्थी के कम से कम 60 प्रतिशत अंक या 10 प्वाइंट सीजीपीए स्केल पर 6.32 सीजीपीए होना अनिवार्य है। हालांकि, अलग-अलग इसरो केंद्रों की अपनी अतिरिक्त शैक्षणिक पात्रता भी हो सकती है, इसलिए आवेदन से पहले संबंधित केंद्र की अधिसूचना जरूर देखनी चाहिए।
ISRO Internship: VSSC इंटर्नशिप के लिए विशेष पात्रता
विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर (VSSC) में बीई, बीटेक, एमई, एमटेक, बीएससी, एमएससी, बीएस-एमएस, इंटीग्रेटेड एमएससी, इंटीग्रेटेड एमटेक और पीएचडी के विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। ग्रेजुएशन स्तर के छात्रों का निर्धारित सेमेस्टर पूरा होना आवश्यक है, जबकि एमई, एमटेक और एमएससी छात्रों का पहला सेमेस्टर तथा पीएचडी अभ्यर्थियों का कोर्सवर्क पूरा होना चाहिए। आवेदन केवल नियमित पाठ्यक्रम में अध्ययनरत छात्रों या 14 फरवरी 2025 के बाद डिग्री पूरी करने वाले अभ्यर्थियों से स्वीकार किए जाएंगे।
ISRO Internship: 21 से 45 दिन तक मिलेगी रिसर्च की ट्रेनिंग
इसरो की इंटर्नशिप न्यूनतम 21 दिन और अधिकतम 45 दिन की होगी। इस दौरान छात्रों को इसरो की प्रयोगशालाओं में वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में विभिन्न प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका मिलेगा। हालांकि यह पूरी तरह प्रशिक्षण आधारित कार्यक्रम है और चयनित उम्मीदवारों को किसी प्रकार का स्टाइपेंड, मानदेय, रहने या खाने की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। उम्मीदवारों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता, उपलब्ध सीटों तथा संबंधित इसरो केंद्र में संसाधनों की उपलब्धता के आधार पर किया जाएगा। चयनित छात्रों को ईमेल के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी। इसरो ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी छात्र को एक डिग्री के दौरान केवल एक बार ही इंटर्नशिप का अवसर मिलेगा।
14 अगस्त से शुरू होंगे आवेदन
बीएससी इंटर्नशिप के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे शुरू होगी और 14 सितंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन किए जा सकेंगे। इंटर्नशिप का आयोजन 1 नवंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 के बीच किया जाएगा। आवेदन करते समय छात्रों को अपनी मार्कशीट, तकनीकी कौशल, प्रोजेक्ट वर्क, कार्य अनुभव और कॉलेज के अनुमति पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज एक ही पीडीएफ फाइल में अपलोड करने होंगे।
ISRO Internship: इन प्रमुख ISRO केंद्रों में मिलेगा मौका
छात्र अपनी रुचि और विषय के अनुसार इसरो की विभिन्न इकाइयों में आवेदन कर सकते हैं। इनमें यू. आर. राव सैटलाइट सेंटर (बेंगलुरु), स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (अहमदाबाद), विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर (तिरुवनंतपुरम), सतीश धवन स्पेस सेंटर (श्रीहरिकोटा), इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ रिमोट सेंसिंग (देहरादून), मास्टर कंट्रोल फैसिलिटी, आईएसटीआरएसी, फिजिकल रिसर्च लेबोरेटरी सहित कई अन्य इसरो केंद्र शामिल हैं।
युवाओं के लिए शानदार अवसर
अंतरिक्ष विज्ञान और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अनुभव हासिल करने की इच्छा रखने वाले छात्रों के लिए ISRO की यह इंटर्नशिप किसी सुनहरे अवसर से कम नहीं है। इस कार्यक्रम के जरिए छात्रों को देश के शीर्ष वैज्ञानिकों के साथ काम करने, अत्याधुनिक तकनीकों को करीब से समझने और अपने करियर को नई दिशा देने का मौका मिलेगा। इसलिए पात्र उम्मीदवार समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और इस प्रतिष्ठित इंटर्नशिप का लाभ उठाएं।








