Jahangir Khan Arrest: फालता विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार रहे जहांगीर खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने उन्हें सोमवार सुबह नेपाल सीमा के पास से पकड़ा। वह लंबे समय से फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही जहांगीर खान लापता थे। पुलिस लगातार उनकी खोज कर रही थी। आखिरकार STF ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
चुनाव से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान भी उन पर कई गंभीर आरोप लगे थे। उन पर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को प्रभावित करने और मृत लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का आरोप लगाया गया था।
डराने-धमकाने के आरोप भी लगे
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने भी जहांगीर खान के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई थी। इसके अलावा चुनाव से पहले उनके खिलाफ इलाके के लोगों को धमकाने और दबाव बनाने के आरोप भी लगाए गए थे।इन आरोपों को देखते हुए चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश के चर्चित मुठभेड़ विशेषज्ञ अजय पाल शर्मा को विशेष पर्यवेक्षक बनाकर डुंडी पुलिस थाने के क्षेत्र में तैनात किया था।

Jahangir Khan Arrest: मतदान के दौरान भी विवादों में रहे
फालता विधानसभा उपचुनाव के मतदान के दिन भी जहांगीर खान विवादों में रहे। उन पर कई ईवीएम मशीनों पर सेलोटेप लगाने का आरोप लगा था।इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चुनाव आयोग ने फालता विधानसभा क्षेत्र के कुछ हिस्सों में दोबारा मतदान कराने का फैसला किया था।4 मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से लेकर 21 मई तक जहांगीर खान पूरी तरह से गायब रहे। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने मतदान से केवल दो दिन पहले ही अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली थी। इसके बाद से वह लगातार फरार थे।
सुरक्षा की मांग भी की थी
जहांगीर खान ने अदालत से सुरक्षा की मांग की थी। हालांकि, राज्य सरकार ने उनकी सुरक्षा वापस लेने के लिए भी आवेदन दायर किया था।जानकारी के अनुसार, लगातार बढ़ते दबाव और कानूनी कार्रवाई के बीच जहांगीर खान नेपाल के रास्ते विदेश भागने की योजना बना रहे थे। लेकिन उनकी यह कोशिश सफल नहीं हो सकी और STF ने उन्हें नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार कर लिया।








