Jammu kashmir news: जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्टेट इंवेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) ने गुरुवार को जम्मू स्थित कश्मीर टाइम्स के कार्यालय पर छापा मारा। यह कार्रवाई उन आरोपों के आधार पर की गई है, जिनमें अखबार पर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने और देश के खिलाफ असंतोष फैलाने का आरोप है।
पिस्टल राउंड और ग्रेनेड पिन जब्त
छापे के दौरान एजेंसी ने कार्यालय से AK राइफल के कारतूस, पिस्टल के कुछ राउंड और हैंड ग्रेनेड पिन बरामद किए। साथ ही, अन्य संदिग्ध सामग्री भी जब्त की गई। SIA अधिकारियों के मुताबिक बरामद सामान की जांच की जा रही है और इसे गंभीर सुरक्षा खतरे के रूप में देखा जा रहा है।
Jammu kashmir news: संपादक के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस मामले में कश्मीर टाइम्स की संपादक अनुराधा भसीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला एफआईआर नंबर 02/2025 के तहत गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (UAPA) की धारा 13 में दर्ज किया गया है। जांच उन गतिविधियों पर केंद्रित है जिन्हें भारत की संप्रभुता के लिए खतरा बताया जा रहा है।
दस्तावेजों और डिजिटल उपकरणों की गहन जांच
SIA की टीम गुरुवार सुबह रेजिडेंसी रोड स्थित ऑफिस पहुंची और कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कंप्यूटर, हार्डडिस्क, फाइलें और अन्य डिजिटल डिवाइसों की बारीकी से जांच की गई। एजेंसी ने कार्यालय के विभिन्न सेक्शनों को भी खंगाला।
Jammu kashmir news: पुराना अंग्रेजी दैनिक रहा है कश्मीर टाइम्स
कश्मीर टाइम्स जम्मू-कश्मीर का सबसे पुराना अंग्रेजी दैनिक माना जाता है। इसके संस्थापक वेद भसीन के निधन के बाद अखबार का संचालन उनकी बेटी अनुराधा भसीन और दामाद प्रमोद जम्वाल संभाल रहे थे। हालांकि, लंबे समय से अखबार का प्रकाशन बंद पड़ा है। SIA की इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक और मीडिया जगत में भी प्रतिक्रिया देखने को मिल सकती है।








